कर्नाटक का नाटक | कुमारस्वामी को एक दिन की रहत, BJP की सरकार 4-5 दिनों में बन जाएगी : येदियुरप्पा

बेंगलुरु:

कर्नाटक विधानसभा में गुरुवार को कुमारस्वामी सरकार के विश्वास मत पर बहस हुई। इसके बाद शाम साढ़े छह बजे कार्यवाही शुक्रवार तक के लिए स्थगित कर दी गई। इससे नाराज भाजपा विधायकों ने कहा कि हम विधानसभा में ही सोएंगे। भाजपा का आरोप था कि सत्ता पक्ष के नेता लंबे-लंबे भाषण दे रहे हैं, इसकी जगह कुमारस्वामी को जल्द विश्वास मत साबित करना चाहिए। भाजपा ने आरोप लगाया कि स्पीकर रमेश कुमार विश्वास मत को टालना चाहते हैं। उन्होंने इस संंबंध में राज्यपाल वजुभाई वाला को ज्ञापन भी सौंपा। राज्यपाल ने स्पीकर से कहा कि विश्वासमत आज ही कराए जाने पर विचार किया जाना चाहिए।

स्पीकर ने कांग्रेस विधायक की अनुपस्थिति पर गृहमंत्री से रिपोर्ट मांगी

इससे पहले सदन में कांग्रेस विधायक श्रीमंत पाटिल की सदन से अनुपस्थिति पर भी सदन में हंगामा मचा। पाटिल ने अपने अस्वस्थ होने और इलाज के लिए मुंबई जाने से संंबंधित जानकारी स्पीकर को एक पत्र के जरिए भेजी थी। इस पर कांग्रेस ने भाजपा पर आरोप लगाया कि उन्होंने हमारे एक विधायक को अगवा कर लिया है। विधायक की अनुपस्थिति पर स्पीकर ने कहा कि यह मुझे अस्वाभाविक लगता है। उन्होंने गृहमंत्री से कल तक रिपोर्ट मांगी है।

भाजपा 4-5 दिन में सरकार बना लेगी

इस बीच पूर्व मुख्यमंत्री और राज्य भाजपा प्रमुख बीएस येदियुरप्पा ने कहा कि हमें 100% जीत का भरोसा है। उनके पास 100 से कम विधायक हैं, जबकि हमारे पास 105। उनका विश्वास मत का प्रस्ताव गिर जाएगा। कर्नाटक में कांग्रेस-जेडीएस के 16 विधायक इस्तीफा दे चुके हैं। इसके बाद से कांग्रेस-जेडीएस की गठबंधन सरकार संकट में है। येदियुरप्पा ने दावा किया है कि भाजपा 4-5 दिन में सरकार बना लेगी।

News Share
CIN News | Bharat timeline 2023