कांग्रेस ने विधायकों का होलसेल व्यापार करने और रिश्वत देने का आरोप लगाया; येदियुरप्पा आज सरकार बनाने का दावा पेश कर सकते हैं

बेंगलुरु:

कांग्रेस-जेडीएस की गठबंधन सरकार मंगलवार शाम को गिर गई। इसके बाद मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी ने राज्यपाल वजुभाई वाला को इस्तीफा सौंपा दिया। बुधवार को भाजपा ने विधायक दल की बैठक बुलाई है। प्रदेश के पार्टी अध्यक्ष बीएस येदियुरप्पा राज्यपाल से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश कर सकते हैं। इसके लिए उन्होंने भाजपा अध्यक्ष अमित शाह को पत्र लिखा है। वहीं, कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि यह कर्नाटक के लोगों की हार और लालची-स्वार्थी नेताओं की जीत है।

चार दिन चली चर्चा के बाद मंगलवार शाम को आखिरकार विधानसभा में फ्लोर टेस्ट हुआ। इस दौरान स्पीकर को हटाकर सदन में विधायकों की संख्या 204 थी और बहुमत के लिए 103 का आंकड़ा जरूरी था। कांग्रेस-जेडीएस के पक्ष में 99 वोट पड़े, जबकि विरोध में 105 वोट पड़े। कुमारस्वामी 14 महीने से 116 विधायकों के साथ सरकार चला रहे थे, लेकिन इसी महीने 15 विधायक बागी हो गए। राज्यपाल ने एचडी कुमारस्वामी के इस्तीफे को स्वीकार कर लिया। अब यदि भाजपा सरकार बनती है, तो येदियुरप्पा चौथी बार मुख्यमंत्री हो सकते हैं।

बागियों की राजनीतिक समाधि बनेगी- सिद्धारमैया

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सिद्धारमैया ने मंगलवार को भाजपा पर विधायकों का होलसेल व्यापार करने और रिश्वत देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा- भाजपा सत्तारूढ़ कांग्रेस-जेडीएस गठबंधन को अस्थिर करना चाहती है। होलसेल व्यापार एक समस्या है। अगर वहां पर रिटेल ट्रेड से एक या दो विधायकों को खरीदा जाता तो समस्या नहीं थी। 25 करोड़, 30 करोड़, 50 करोड़.. पैसे कहां से आ रहे हैं। बागियों को अयोग्य कर दिया जाएगा। उनकी राजनीतिक समाधि बनेगी।

News Share
CIN News | Bharat timeline 2023