कोरिया : सड़क हादसे में 3 युवकों की मौत, 1 घायल

कोरिया। सड़क दुर्घटना में 3 युवकों की मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक तेज गति के कारण कार मोड़ में अनियंत्रित हो गई और सीधे पेड़ से टकरा गई। घटना की जानकारी मिलते ही सिटी कोतवाली प्रभारी टीएल पटेल अपने दलबल के साथ पहुंचे।

मिली जानकारी के अनुसार बीती रात अम्बिकापुर की ओर से मारुति जेन क्रमांक सीजी 10 बीसी 9711 में सवार युवक काफी तेज स्पीड में बैकुंठपुर की ओर आ रहे थे। तकरीबन रात 11 बजे भांडी के गुरुघासीदास उद्यान पार्क के पास मोड़ में अनियंत्रित कार सीधे पेड़ से जा टकराई। जिससे 3 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि 1 अन्य युवक गंभीर रूप से घायल है।

बताया जा रहा है कि सूरज लोहार, निवासी सरईगहना, उम्र 20 वर्ष, कार चालक पिन्टू निवासी परचा बस्ती, उम्र 19 वर्ष व लक्ष्मी प्रसाद, पिता शिवमंगल, उम्र- 28 वर्ष निवासी सरईगहना की मौके पर ही मौत हो गयी। वहीं एक अन्य युवक पारस लाल राजवाडे निवासी- परचाबस्ती पिंटू उम्र 21 वर्ष गम्भीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। जहां उसकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। कार की रफ्तार का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि कार पेड़ से टकराते ही जोरदार आवाज के साथ दो टुकड़ों में बंट गयी।

News Share
CIN News | Bharat timeline 2023