छत्तीसगढ़ में भाजपा की सदस्यता अभियान की सुस्त रफ्तार; 30 लाख का टारगेट, 20 दिन में बने सिर्फ 5 लाख सदस्य

रायपुर:

छत्तीसगढ़ में भाजपा की सदस्यता अभियान की सुस्त रफ्तार पर केंद्रीय संगठन की फटकार के बाद अब संगठन ने ग्राउंड लेवर पर अभियान में तेजी का फैसला किया है। भाजपा कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में प्रदेश पदाधिकारियों, जिलाध्यक्षों, निगम-मंडल के पूर्व पदाधिकारी, विधायक-सांसदों को टार्गेट दिया गया है। प्रदेश अध्यक्ष से लेकर बूथ प्रभारी तक एक से 11 अगस्त तक सात दिन का समय सिर्फ सदस्यता अभियान को देगा।

प्रदेश में 30 लाख सदस्य बनाने का लक्ष्य तय किया गया है, लेकिन पिछले 20 दिन में पांच लाख सदस्य भी नहीं बन पाए हैं। करीब छह घंटे चली बैठक में एक-एक नेताओं को सदस्यता का लक्ष्य तय कर दिया गया है। खास बात यह है कि नेताओं को यह संकेत भी दे दिया गया है कि उनके क्षेत्र में सदस्य कम बने, तो भविष्य में उनकी राजनीतिक संभावनाओं पर असर पड़ सकता है। पार्टी नेताओं ने बताया कि अगले 15 दिन में 25 लाख सदस्य बनाना है। इसके लिए बस्तर से सरगुजा तक रोजाना सवा लाख सदस्य बनाने पड़ेंगे।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विक्रम उसेंडी ने कहा कि प्रदेश स्तर से लेकर बूथ स्तर तक के पदाधिकारी सात दिन का पूरा समय देंगे। इस दौरान सदस्यता अभियान चलाकर ज्यादा से ज्यादा सदस्य बनाना है। सबकी सहभागिता से सदस्यता अभियान चलाया जाएगा। केन्द्र द्वारा तय सदस्यता के लक्ष्य को पूरा करने पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ता को जुटना होगा, तभी अभियान को सफलता मिलेगी।

News Share
CIN News | Bharat timeline 2023