देवेन्द्र यादव पर आरोप- पद का फायदा उठाकर धर्म की राजनीति करने का प्रयास कर रहे हैं ; जानिए मामला

भिलाई:

खुर्सीपार अंडा चौक दशहरा मैदान में विजय दशमी उत्सव को लेकर दो धड़ों में विवाद की स्थिति बन गई है। एक ओर 6 वर्ष पुरानी समिति है जो हर वर्ष यहां गणेशोत्सव व दशहरा पर्व का आयोजन करता रहा है वहीं दूसरी ओर महापौर व विधायक देवेन्द्र यादव के संरक्षण वाली वह समिति है जिसका गठन ही शुक्रवार हो हुआ। पूरा मामला दशहरा उत्सव के आयोजन को लेकर है।

बहरहाल आज इस संबंध में नव जागृति दशहरा उत्सव समिति के पदाधिकारियों ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाया है।समिति की ओर से मनीष पाण्डेय ने महापौर व विधायक पर निशाना साधते हुए कहा कि अपने पद का फायदा उठाकर धर्म की राजनीति करने का प्रयास किया जा रहा है। मनीष पाण्डेय ने स्पष्ट किया कि 20 अगस्त को एसडीएम द्वारा नव जागृति गणेशोत्सव व दशहरा उत्सव समिति को उक्त दोनों आयोजनों के लिए अनुमति दी जाती है। इसके बाद यहां गणेशोत्सव का आयोजन बड़े उत्साह पूर्वक होता है। इस बीच प्रशासन का एक पत्र मिलता है जिसमें दशहरा उत्सव के परमीशन को निरस्त करने व किसी अन्य समिति को अनुमति दिए जाने की बात लिखी होती है। मनीष पाण्डेय ने पूरा कृत्य महापौर व विधायक देवेन्द्र यादव के इशारे पर होने की बात कही है। मनीष पाण्डेय ने सवाल उठाया कि आखिर जिला प्रशासन की ऐसी कौन सी मजबूरी है जिसके कारण दिए गए परमीशन को रद्द कर ऐसी समिति को परमीशन दी गई जिसका गठन ही एक दिन पहले हुआ हो। मनीष पाण्डेय ने यह भी कहा कि उक्त समिति के पास दशहरा उत्सव को लेकर किसी प्रकार की परमीशन नहीं है बल्कि उन्हें ध्वनि विस्तारक यंत्रों के लिए परमीशन दी गई है। मनीष पाण्डेय ने आरोप लगाते हुए कहा कि भिलाई ही नहीं पूरे प्रदेश भी कांग्रेस के लोग धार्मिक माहौल को खराब करने का प्रयास कर रहे हैं।
मनीष पाण्डेय ने कहा कि प्रशासन के इस दोहरे मापदंड को लेकर हमने हाईकोर्ट की शरण ली है। धार्मिक कार्यक्रम में हम विघ्र नहीं चाहते इसलिए शांतिपूर्ण तरीके से इसे कानूनी तरीके से सुलझाएंगे। हमारी समिति का निर्णय है हम दशहरा उत्सव उसी स्थल पर मनाएंगे जहां पिछले पांच वर्षों से मनाते आए हैं। यहां प्रशासन सामने आता है और हमें रोकने का प्रयास करता है तो इसका व्यापक स्तर पर विरोध भी किया जाएगा। हमें न्याय व्यवस्था पर पूरा भरोसा है और समय रहते कोर्ट द्वारा इस पर संज्ञान लिया जाएगा।
नव जागृति दशहरा उत्सव समिति के अध्यक्ष जय शंकर चौधरी ने बताया कि उक्त स्थल पर दशहरा उत्सव के लिए भिलाई इस्पात संयंत्र का परमीशन भी हमें ही मिला है। दुर्गा पूजा को लेकर हमारी समिति को कोई आपत्ति नहीं है लेकिन कांग्रेस समर्थित इस समिति के लोग विधायक के संरक्षण में दशहरा उत्सव भी अपने नाम करना चाह रहे हैं। जिस स्थल पर पिछले पांच वर्षों से नव जागृति दशहरा उत्सव समिति पर्व का आयोजन बड़े ही शांतिपूर्ण ढंग से करती आ रही है वहां पर प्रशासन ने हस्तक्षेप कर हमें मिली अनुमति को निरस्त कर उन्हें अनुमति जारी करती है। इस मामले को लेकर हमने सीएम व गृहमंत्री को भी ज्ञापन सौंपा है। गृहमंत्री ने अधिकारियों से इस संबंध में सवाल भी किया है। इसके बाद भी प्रशासन का दोहरा मापदंड अपना रही है।
इस संबंध में भिलाई नगर निगम महापौर एवं भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव ने कहा है कि मनीष पांडे मेरा छोटा भाई है इस संबंध में जो भी बात करना हो वह मुझसे आकर कर सकता है इसके अलावा उन्होंने यह भी कहा कि धार्मिक आयोजनों में राजनीति नहीं करनी चाहिए इस इस मामले में बैठ कर बात करके हल निकाला जा सकता है।

News Share
CIN News | Bharat timeline 2023