पंचायत चुनाव में कांग्रेस का सूपड़ा साफ, भाजपा ने बचाया गढ़, कार्यकर्ताओं की नाराजगी पड़ी बस्तर में भारी

जगदलपुर: त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए तीसरे और अंतिम चरण का मतदान सोमवार को संपन्न हो गया। अंतिम चरण के मतदान के बाद जिला पंचायत के अध्यक्ष पद के लिए जो समीकरण बनता दिख रहा है, उसमें कांग्रेस का सूपड़ा साफ होता नजर आ रहा है।

अभी तक दो चरणों के चुनाव में 9 सीटों में से भाजपा ने 7 सीटों पर विजय हासिल कर ली है। इसके अलावा अंतिम चरण की 6 सीटों पर हुए मतदान में भी भाजपा 4 सीटों में लगभग जीत के करीब पहुंच चुकी है। इसके साथ ही 15 सीटों वाली बस्तर जिले की जिला पंचायत में भाजपा का कब्जा बरकरार होता दिख रहा है।

बस्तर जिले की तीन विधानसभा सीटों पर कांग्रेस का कब्जा है। इसी तरह नगर निगम और नगर पंचायतों में भी कांग्रेस काबिज होती नजर आ रही है, लेकिन जिला पंचायत में कांग्रेस के पिछड़ने के कई कारण बताए जा रहे हैं। इनमें सबसे बड़ा कारण कांग्रेसी कार्यकर्ताओं में असंतोष को माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि नगरीय निकाय चुनाव के बाद कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने धैर्य खोया और पार्टी में महत्व नहीं मिलने से खुद को पंचायत चुनाव से दूर किया। इसके अलावा कांग्रेस के मुकाबले भाजपा ने इस बार ज्यादा संगठित होकर चुनाव लड़ा। यही कारण है कि भाजपा अपना गढ़ बचाने में कामयाब रही।

News Share
CIN News | Bharat timeline 2023