भाजपा में शामिल हुई बैडमिंटन सुपरस्टार साइना नेहवाल

नई दिल्ली: भारतीय बैडमिंटन स्टार साइना नेहवाल भी अब राजनीति में उतर गई हैं। ओलंपिक ब्रॉन्ज मेडलिस्ट साइना भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गई हैं। बुधवार यानी 29 जनवरी को नई दिल्ली में भाजपा मुख्यालय में साइना ने पार्टी का दामन थाम लिया है। पार्टी में शामिल होने के बाद बैंडमिंटन खिलाड़ी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश में खेलों को बढ़ावा दिया, मैं उनसे प्रेरित हूं। साइना के साथ उनकी बहन चंद्रांशु ने भी भाजपा की सदस्यता ली। 

साइना ने 2012 के लंदन ओलंपिक में महिला सिंगल्स का ब्रॉन्ज मेडल जीता था और ऐसा करने वाली वो भारत की पहले बैडमिंटन खिलाड़ी बनीं थीं। इसके साथ ही साइना ने बैडमिंटन वर्ल्ड चैंपियनशिप में 2 बार मेडल भी जीता है। साइना ने 2015 में वर्ल्ड चैंपियनशिप का सिल्वर मेडल अपने नाम किया था, जबकि 2017 में उन्हें ब्रॉन्ज मेडल मिला था।

पद्म भूषण से सम्मानित हो चुकी हैं साइना

29 साल की साइना को 2016 में केंद्र सरकार ने देश के तीसरे सबसे बड़े नागरिक सम्मान पद्म भूषण से भी सम्मानित किया था। इतना ही नहीं, साइना को भारत के सबसे बड़े खेल पुरस्कार, राजीव गांधी खेल रत्न और अर्जुन अवॉर्ड से भी सम्मानित किया जा चुका है।  साइना नेहवाल से पहले रेसलर योगेश्वर दत्त और बबीता फोगाट भी बीजेपी में शामिल हुए थे।

22 सुपर सीरीज और ग्रैंड प्रिक्स खिताब ले चुकी हैं साइना

हैदराबाद में रहते हुए बैडमिंटन जगत में बड़ा नाम कमाने वाली साइना नेहवाल का जन्म हरियाणा के हिसार में 19 मार्च 1990 को हुआ था। वह वर्ल्ड बैडमिंटन रैंकिंग में 23 मई 2015 को वर्ल्ड नंबर वन बनी थीं। इस मुकाम तक पहुंचने वाली साइना पहली भारतीय महिला बैडमिंटन खिलाड़ी हैं।

साइना के पास 22 सुपर सीरीज और ग्रैंड प्रिक्स खिताब है। इसके अलावा उन्होंने 2012 के लंदन ओलंपिक में कांस्य पदक जीता था। वह बैडमिंटन में पदक जीतने वाली पहली महिला खिलाड़ी बनी थीं।

साइना नेहवाल पर बायोपिक

राजनीति में कदम रखने जा रही बैडमिंटन आइकन साइना नेहवाल पर बायोपिक भी बन रही है। उनके नाम ‘साइना’ पर बन रही बायोपिक के निर्देशक अमोल गुप्ते का कहना है कि फिल्म की शूटिंग फरवरी में पूरी हो जाएगी। फिल्म में साइना की भूमिका अभिनेत्री परिणीति चोपड़ा निभा रही हैं।

हालांकि इस बायोपिक को लेकर पहले प्रमुख किरदार के लिए श्रद्धा कपूर को लेने की बात चल रही थी, हालांकि बाद में परिणीति को लिया गया। फिल्म में मानव कौल बैडमिंटन दिग्गज पुलेला गोपीचंद का किरदार निभा रहे हैं, जिन्होंने साइना का मार्गदर्शन किया।

खेल से राजनीति में आए योगेश्वर-बबीता हरियाणा चुनाव में हारे

योगेश्वर और बबीता के अलावा भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान संदीप सिंह भाजपा के टिकट पर पिछले साल हरियाणा विधानसभा चुनाव में मैदान में उतरे थे। बबीता और योगेश्वर को हार मिली, लेकिन संदीप सिंह ने जीत दर्ज की थी। उन्हें राज्यमंत्री के रूप में शपथ दिलवाई और फिर खेल मंत्री का पद दिया गया।

News Share
CIN News | Bharat timeline 2023