हत्या के बाद लाश फेंकी थाने के सामने, लोगों ने कलेक्ट्रेट में किया प्रदर्शन

बिलासपुर : अधेड़ की हत्या के बाद थाने के सामने फेंकने का मामला सामने आया है। थाने के पास ही शव मिलने से ग्रामीणों का गुस्सा भड़क गया। परिजन के साथ उन्होंने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सकरी बाईपास पर जाम लगा दिया। ग्रामीणों ने जिन लोगों पर संदेह जताया, वे सभी अपने घर से गायब थे।   

यह घटना बिलासपुर में सकरी थाना क्षेत्र की है, जहां हत्यारों ने थाने के पास ही हत्या कर राधेश्याम साहू का शव फेंक दिया। जानकारी के मुताबिक गुरुवार सुबह सकरी थाने से करीब 200 मीटर दूर सकरी पेंड्रीडीह बाइपास रोड पर राइस मिल के पीछे संबलपुरी निवासी राधेश्याम साहू का शव मिला। मृतक के माथे, गले व हाथ पर चोट के निशान थे। हत्या की आशंका के कारण पुलिस ने सर्च डाॅग बुलवाया। यह घटनास्थल से सीधे संबलपुरी बस्ती तक गया और एक व्यक्ति के घर सामने जाकर ठहर गया। जिसके घर के सामने डॉग ठहरा था वह राधेश्याम के बड़े भाई व पूर्व सरपंच हरिनारायण साहू की हत्या का आरोपी था।

पिता-पुत्र सहित तीनों लोगों को उस केस में पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा था। बाद में सबूतों के अभाव में वे बरी हो गए थे। 14 नवंबर 2015 को यह घटना हुई थी। हरिनारायण की तालाब में संदिग्ध परिस्थितियों में लाश मिली थी। राधेश्याम के परिजनों ने पहले ही पुलिस को संदेहियों पर हत्या करने की आशंका जताई थी। उन्होंने बताया था कि जेल से छूटने के बाद वे लगातार धमकी दे रहे थे। उन्होंने संदेहियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सकरी-पेंड्रीडीह बाइपास रोड पर चक्काजाम कर दिया। इससे वाहनों की कतार लग गई।

ग्रामीणों और परिजनों ने पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टर की भूमिका भी संदिग्ध बताई और फिर से करने की मांग रखी। इसके बाद ग्रामीण शव लेकर कलेक्ट्रेट पहुंच गए और वहां भी प्रदर्शन किया। अब शुक्रवार को सिम्स में डॉक्टरों की टीम दोबारा पोस्टमार्टम करेगी।

रोज की तरह राधेश्याम साहू सुबह घर से निकला पर रात तक नहीं लौटा। परिजनों को संदेह है कि उसकी हत्या गांव के ही सोहन यादव, मोहन यादव और रघु यादव ने की है। आरोप लगाया कि इससे पहले भी इन लोगों ने मृतक के बड़े भाई हरिनारायण साहू की हत्या की थी पर गवाह ना होने से सभी बरी हो गए थे। जेल से छूटने के बाद इन लोगों ने गांव में आतंक मचा रखा है और रंजिश रखते हुए राधेश्याम साहू के परिवार को लगातार जान से मारने की धमकी दे रहे थे। राधेश्याम की पत्नी ने सकरी पुलिस पर भी आरोपियों से मिलीभगत का आरोप लगाया है। 

News Share
CIN News | Bharat timeline 2023