साढ़े तीन करोड़ के बीमे के रकम के लिए 62 साल के पति को मारा, पत्नी ने जिंदा ही जला दिया था, जानिए कैसे पुलिस ने सलाखों के पीछे धकेला

कोयंबटूर: तमिलनाडु के इरोड में एक हैरान कर देने वाली वारदात सामने आई है। यहां 57 साल की महिला ने अपने पति को साढ़े तीन करोड़ रुपये की बीमा रकम के लिए जिंदा जला दिया। पुलिस को हादसा बताकर उसने हत्या के बचने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने घटना का खुलासा करते हुए महिला और उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने बताया कि रंगराज (62) पावरलूम के मालिक थे। 13 मार्च को उनका एक ऐक्सिडेंट हो गया था। तब से वह अस्पताल में भर्ती थे। उनकी पत्नी जोथिमनी और उनका रिश्तेदार राजा (41) अस्पताल में उनकी देखरेख कर रहे थे।

गुरुवार को रंगराज को अस्पताल से छुट्टी मिल गई। हालांकि वह चलने में असमर्थ थे। जोथिमनी और राजा उन्हें कार में अस्पताल से लेकर निकले। गाड़ी राजा चला रहा था। उसने तिरुपुर जिले के पेरुमानल्लूर के पास वालसुपालयम में लगभग 11.30 बजे पहुंचा कार रोकी। जोथिमनी और राजा कार से उतरे और उन्होंने पेट्रोल डालकर कार को आग लगा दी।

रंगराज कार में चीखते रहे लेकिन कार के शीशे बंद होने के कारण उनकी आवाज बाहर नहीं आ सकी। वह पैरों से लाचार थे इसलिए बाहर भी नहीं निकल सके। देखते ही देखते वह कार में जलकर राख हो गए। शुक्रवार की सुबह, राजा ने तिरुपुर ग्रामीण पुलिस को कार में अचानक आग लगने की सूचना दी। उन्होंने इस हत्या को दुर्घटना बताया।

पुलिस ने जब जोथिमनी और राजा से पूछताछ की तो उन्हें दोनों के बयान विरोधाभाषी लगे। पुलिस ने शक के आधार पर जांच तेज की। जांच के दौरान पुलिस ने जब रास्ते के सीसीटीवी फुटेज चेक किए तो पाया कि राजा एक पेट्रोल पंप से केन में पेट्रोल लेकर निकला था। सख्ती से पूछताछ के दौरान राजा ने वारदात कबूल कर ली। फिर जोथिमनी ने भी पति की जिंदा जलाने की बात स्वीकार की।

जोथिमनी ने पुलिस को बताया कि उसे रंगराज के बीमा की साढ़े तीन करोड़ रुपये की रकम चाहिए थी, इसलिए उसने रंगराज को मारने का प्लान बनाया। इस प्लान में उसने राजा को शामिल किया। उसने बताया कि रंगराज ने 1.5 करोड़ रुपये उधार ले रखे थे। सूदखोर रुपयों के लिए उसे परेशान कर रहे थे। उसने राजा को डेढ़ लाख रुपये देने की बात कही। राजा को इस काम के लिए 50,000 रुपये अडवांस भी दे दिए थे।

News Share
CIN News | Bharat timeline 2023