RAIPUR | कृषि मंत्री रविंद्र चौबे ने कहा- किसानों को हुए नुकसान का मुआवजा दिया जाएगा, कृषि, उद्यानिकी व राजस्व विभाग के अमले को सर्वे के निर्देश जारी

रायपुर: छत्तीसगढ़ में मौसम के बदले मिजाज से जनजीवन प्रभावित हो गया है। धूप नहीं निकलने और लगातार बारिश से तापमान में गिरावट आई है। बारिश व ओलावृष्टि से किसानों की फसल भी खराब हो गई है। सब्जियों के साथ चना, तिवरा, सरसो व अरहर की फसल को नुकसान हुआ है। बरसात व बर्फ गिरने से फसलों के फूल झड़ गए हैं। वहीं लगातार बदली से कीट प्रकोप की समस्या बढ़ गई है। गुरुवार को भी राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। इधर किसानों को हुए नुकसान का आकलन करने कृषि मंत्री रविंद्र चौबे ने जिला प्रशासन को निर्देश दिए हैं। किसानों को हुए नुकसान का मुआवजा दिया जाएगा। कृषि, उद्यानिकी व राजस्व विभाग के अमले को सर्वे के निर्देश जारी किए गए हैं। 

मंत्री चौबे ने कहा कि रबी फसल को नुकसान हुआ है। दुर्ग, बेमेतरा, मुंगेली, कवर्धा, राजनांदगांव, बालौदाबाजार, बालोद, बिलासपुर जिले में चना, असली, लाखड़ी, तिवरा की फसल को नुकसान हुआ है। जिला प्रशासन को आकलन करने के निर्देश दिए गए हैं। आरबीसी के तहत किसानों को राशि का आवंटन किया जाए। उन्होंने कहा कि इंश्योरेंस का पैसा किसानों को मिले इसके लिए सर्वे कर तत्काल कंपनियों को भेजने कहा गया है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल खुद इसकी मॉनिटरिंग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि रबी फसल के नुकसान की भरपाई इंश्योरेंस से हम किसानों को करेंगे। 

छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के महाराजगंज, जरहाडीह, भइसमुंडा, रामनगर, बरदर, ओबरी चितबिश्रामपुर आदि इलाकों में 10 जनवरी को तेज आंधी के साथ मूसलाधार वर्षा और भारी ओलावृष्टि हुई, जिससे सरसो सहित अन्य फसलों को नुकसान हुआ है। वहीं 11 जनवरी को बस्तर जिले के जगदलपुर, बकावंड आदि क्षेत्रों में तेज बारिश के साथ ओले गिरे हैं। 12 जनवरी बलरामपुर के सौनी क्षेत्र में ओले गिरे हैं। रायपुर संभाग के गरियाबंद जिले के कुल्हाड़ीघाट क्षेत्र में आंधी-तूफान व बारिश ने जमकर तबाही मचाई है। इधर बारिश की वजह से सहकारी समितियों में धान को बचाने की चुनौती है। पानी में भीगने की वजह से धान के अंकुरित होने की संभानना है। बारिश से सरकारी धान खरीदी पर भी असर पड़ा है। 

News Share
CIN News | Bharat timeline 2023