BIG NEWS: कैबिनेट की बैठक में हुए कई महत्वपूर्ण फैसले, जानिए किन प्रस्तावों पर लगी मुहर

रायपुर:

भूपेश कैबिनेट की आज बेहद ही अहम बैठक हुई। करीब साढ़े तीन घंटे तक चली कैबिनेट की बैठक में कई अहम निर्णय लिये गये। राज्य सरकार ने इस बात का फैसला लिया है कि प्रदेश में स्पोर्ट्स एक्सीलेंस बनाया जायेगा। राज्य की खेल प्रतिभाओं को तलाशने और तराशने का काम इस एक्सीलेंस के माध्यम से किया जायेगी। कैबिनेट की बैठक के बाद संसदीय कार्यमंत्री रविंद्र चौबे ने कहा कि स्पोर्ट्स एक्सीलेंस के लिए उद्योगपतियों व निजी संगठनों से मदद ली जायेगी।

राज्य के खेल प्रतिभाओं का सम्मान किया जायेगा, वहीं प्रदेश में बने स्टेडियम की देखरेख से लेकर सदुपयोग करने के लिए भी उद्योगपतियों की मदद ली जायेगी, CSR मद का इस्तेमाल किया जायेगा। रविंद्र चौबे ने बताया कि स्पोर्ट्स अकादमी भी बनायी जायेगी, खेल प्रतिभाओं को वहां ट्रेनिंग मिलेगी, कोच की व्यवस्था की जायेगी, ताकि खेल प्रतिभाओं का सम्मान किया जा सके।

वहीं मंत्री मोहम्मद अकबर ने कैबिनेट के निर्णय की जानकारी देते हुए बताया कि राज्य सरकार ने आज लेमरू हाथी रिजर्व बनाने का मंत्रिमंडलीय फैसला लिया है। राज्य में चार एलीफेंट रिजर्व बनना था, लेकिन तीन ही रिजर्व बन पाया..एक रिजर्व लेमरू हाथी रिजर्व 2007 से ही पेंडिंग था। आज मंत्रिमंडल ने इस बात का फैसला लिया है कि कोरबा, कटघोरा सहित कुछ और वन क्षेत्र को मिलाकर बड़ा एलीफेंड रिजर्व तैयार किया जायेगा, ताकि मानव-हाथी लड़ाई रूक सके। पहले से करीब चार गुणा हाथी रिजर्व बनेगा।

वहीं कैबिनेट में नारायणपुर के अबूझमाढ़ को लेकर भी बड़ा निर्णय लिया गया। राज्य कैबिनेट ने इस बात का फैसला लिया है कि अबूझमाढ़ यानि ओरछा के लोगों का भी अब नक्शा-खसरा बनेगा। ये नक्शा खसरा सैटेलेलाइट की सहायता से तैयार होगा। इस फैसले के बाद जो बातें कही जाती थी कि अबूझमाढ़ अबूझ है, तो अब अबूझमाढ़ अबूझ नहीं रहेगा।

News Share
CIN News | Bharat timeline 2023