महादेव एप मामले में दोनों पार्टियों ने की पत्रवार्ता | कांग्रेस ने जारी किया भाजपा नेताओं के साथ फोटो, भाजपा ने मांगा सीएम का इस्‍तीफा – मुख्य अंश पढ़िए यहाँ

रायपुर : महादेव ऑन लाइन सट्टा एप मामले में ईडी की तरफ से जारी प्रेसनोट को लेकर सियासी घमासान जारी है। भाजपा ने मामले को पूरी तरह भुनाने की कोशिश की तो वहीँ अब कांग्रेस ने पलटवार करते हुए भाजपा नेताओं के साथ सटोरियों का फोटो जारी कर दिया है। दोनों पार्टियों ने मामले को लेकर पत्रवार्ता की और अपनी बात रखी।

नोटो के साथ पकड़े गए आरोपी असीम को कांग्रेस द्वारा भाजपाई बताया गया हैं। वहीँ बृजमोहन अग्रवाल ने पत्रवार्ता में कांग्रेस पर सवाल खड़े किये हैं। मामले को छत्तीसगढ़ महतारी को शर्मसार करने का काम बताया। यहाँ हम दोनों प्रेस कॉन्फ्रेंस में कही गई बातों के मुख्य अंश प्रस्तुत कर रहें हैं।

कांग्रेस की पत्रवार्ता

राजीव भवन में पत्रकारों से चर्चा करते हुये प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि ईडी और भाजपा ने मिलकर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की छवि खराब करने साजिश रची। ईडी ने जिस ड्राइवर के बयान पर मुख्यमंत्री पर आरोप लगाया वह भाजपा का कार्यकर्ता है।

  • भारतीय जनता पार्टी की केंद्र सरकार के इशारों पर ईडी ने प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की छवि खराब करने के उद्देश्य से एक दुर्भावनापूर्वक प्रेस नोट जारी किया। इसमें ईडी ने सिर्फ एक आरोपी के फौरी ब्यान के आधार पर मुख्यमंत्री के खिलाफ बिना किसी प्रमाण के, बिना किसी जांच के पैसे लेने का प्रेसनोट हड़बड़ी में जारी कर दिया। इसी के द्वारा जारी प्रेस नोट यह साबित करने के लिये पर्याप्त है कि यह भाजपा को एक चुनावी मुद्दा देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री की छवि खराब करने के उद्देश्य से षड़यंत्रपूर्वक जारी किया है।
  • जिस ड्राईवर के बयानों के आधार पर मुख्यमंत्री पर अनर्गल आरोप लगाये गये है वह भाजपा का कार्यकर्ता है। वह वरिष्ठ भाजपा नेता प्रेम प्रकाश पांडे के अनन्य सहयोगी पियूष मिश्रा का सहयोगी है। वह रमन सिंह का भी कार्यकर्ता है। रमन सिंह के साथ उसकी तस्वीर सोशल मीडिया में है।
  • असीम दास जिसके साथ रमन सिंह और पियूष मिश्रा जो भाजपा का पार्षद है, जो प्रेम प्रकाश पांडे का प्रतिनिधि था उसके बयानों के आधार पर मुख्यमंत्री पर आरोप लगाना साफ करता है कि ईडी का प्रेस नोट भाजपा की साजिश है।
    भाजपा के वरिष्ठ नेता महाराष्ट्र के राज्यपाल रमेश बैस के साथ महादेव एप्प के सरगना सौरभ चंद्राकर और युसूफ पुट्टी जो कि महादेव एप्प का एक सहयोगी है जिसके खिलाफ एफआईआर भी हुई उसकी तस्वीर रमेश बैस के साथ है। युसूफ पुट्टी के साथ दुबई कौन से भाजपा नेता गये थे इसकी जांच होनी चाहिये?
  • रमन सिंह के बेटे अभिषेक सिंह और रमन के पूर्व 3 नौकरशाह का बेटा दुबई क्यों जाते है इसका जवाब दें? रमन सिंह, अभिषेक सिंह के पासपोर्ट को सार्वजनिक करें।
  • यदि ऐसा नहीं है तो केंद्र सरकार महादेव एप्प के सरगना जो दुबई में बैठे है उनके खिलाफ कार्यवाही क्यों नहीं कर रही? उनको भारत लाने के लिये क्या प्रयास किये गये? केंद्र इस ऑनलाईन गेमिंग एप्प पर प्रतिबंध क्यों नहीं लगा रहा है? जब चाईना 150 से अधिक एप्प पर एक दिन में प्रतिबंध लगा सकता है तो इस एप्प पर केंद्र की मेहरबानी के मायने है- महादेव एप्प एक संगठित गिरोह है। जो कि इस देश के बाहर विदेश से संचालित होता है केन्द्र सरकार अगर चाहे तो विदेश में बैठे हुये अपराधियों के ऊपर कार्यवाही कर सकती है। लेकिन इस मामले में केन्द्र सरकार और भाजपा की रहस्यमयी चुप्पी अनेक संदेहों को जन्म देती है।
  • महादेव एप्प बना कर संगठित आर्थिक अपराध सट्टा खिलाने का नेटवर्क पूरे देश में चलाया जा रहा था। छत्तीसगढ़ में महादेव एप्प के संचालन की जानकारी सामने आयी थी। इस प्रकार की गतिविधियों की जानकारी सामने आने के बाद महादेव एप्प में छत्तीसगढ़ पुलिस लगातार कार्यवाही की जा रही है। बड़े पैमाने पर अपराधियों की छत्तीसगढ़ और देश भर में गिरफ्तारियां भी की गयी। इस गैर कानूनी गतिविधियों पर अंकुश लगाने की कार्यवाही की जा रही है। एकमात्र छत्तीसगढ़ पुलिस इस मामले में कार्यवाही कर रही है। अभी तक छत्तीसगढ़ पुलिस ने 449 आरोपियों की गिरफ्तारी की जा चुकी है।
  • छत्तीसगढ़िया मुख्यमंत्री को बदनाम करने की भाजपा की साजिश बेनकाब हो गयी है।

भाजपा की पत्रवार्ता

एकात्म परिसर स्थित भाजपा कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री बघेल ने छत्तीसगढ़ महतारी को शर्मसार और बदनाम करने में कोई कसर बाकी नहीं रखी है।

  • राहुल गांधी छत्तीसगढ़ में हैं जवाब दें, जनता जानना चाहती है. शुभम सोनी ने अपने बयान में इस बात को स्वीकार किया है कि हमने 508 करोड़ रुपये दिए हैं. महादेव सट्टा एप को चलाने वाले लोग दुर्ग, भिलाई से क्यों जुड़े हैं?
  • अगर कांग्रेस नेतृत्व में शर्म बाकी हो तो उसे मुख्यमंत्री बघेल से तुरंत इस्तीफा दिलवाना चाहिए।
  • छत्तीसगढ़ियावाद का पाखंड रचकर छत्तीसगढ़ को बदनाम करने वाले मुख्यमंत्री बघेल को महादेव एप से 508 करोड़ रुपए दिए जाने का खुलासा होना बहुत शर्मनाक है।
  • प्रदेश के लोगों को, युवाओं को सट्टा खिलाकर उन्हें सट्टे के दलदल में धकेलकर उससे लिए गए पैसों को चुनाव में लगाना बेहद आपराधिक षड्यंत्र है, लेकिन मुख्यमंत्री बघेल और कांग्रेस के नेताओं को इससे गुरेज नहीं है।
  • शनिवार को छत्तीसगढ़ पहुंचे कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, महासचिव प्रियंका वाड्रा और राहुल गांधी भी इस मामले पर जवाब दें।
  • तीन माह पूर्व ही महादेव एप के मामले में दुर्ग-भिलाई का ही कनेक्शन जुड़ने पर यह आशंका व्यक्त की थी कि आगे चलकर इसके तार सत्ता शीर्ष के गिरेबां तक पहुंचेंगे जो आज सच साबित हुई है।
  • जब इस मामले की जाँच आगे बढ़ने लगी तो मुख्यमंत्री बघेल ने दिल्ली जाकर कांग्रेस मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी। अब तो यह सच भी प्रदेश को बताया जाना चाहिए कि क्या कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व तक महादेव एप की आपराधिक कमाई का हिस्सा पहुंच रहा था?
  • इस पत्रकार वार्ता में प्रदेश प्रवक्ता दीपक म्हस्के एवं प्रदेश मीडिया सह प्रभारी अनुराग अग्रवाल भी उपस्थित थे।

 

News Share
CIN News | Bharat timeline 2023