BREAKING NEWS | 20 साल बाद एक बार फिर दुर्ग नगर निगम में कांग्रेस पार्टी के किसी निर्वाचित प्रतिनिधि को महापौर की कुर्सी मिली : धीरज बाकलीवाल महापौर का चुनाव जीत गए

दुर्ग: प्रदेश के पांच नगर निगमों में आज महापौर के लिए चुनाव हो रहा है। एक-एक कर इन नगर निगमों से नव निर्वाचित महापौर के नाम सामने आने लगे हैं। इसी कड़ी में अब दुर्ग नगर निगम में भी महापौर का चुनाव संपन्न् हो गया है। यहां कांग्रेस के धीरज बाकलीवाल महापौर का चुनाव जीत गए हैं। धीरज के यह चुनाव जीतने के साथ ही करीब 20 साल बाद एक बार फिर दुर्ग नगर निगम में कांग्रेस पार्टी के किसी निर्वाचित प्रतिनिधि को महापौर की कुर्सी मिली है। महापौर पद के लिए हुए मतदान में भाजपा की ओर से नरेंद्र बंजारे उम्मीदवार थे।

नवनिर्वाचित पार्षदों के शपथ ग्रहण के बाद महापौर निर्वाचन की प्रक्रिया शुरू हुई। इसके लिए हुए मतदान में धीरज बाकलीवाल को 40 वोट मिले, जबकि नरेंद्र बंजारे को 20 वोट ही मिले। इस तरह धीरज बाकलीवाल को दुर्ग नगर निगम का नया महापौर घोषित किया गया।

धीरज बाकलीवाल दुर्ग नगर निगम के ब्राह्मणपारा वार्ड क्रमांक 32 से पहली बार कांग्रेस की ओर से चुनाव जीतकर निगम में आए हैं। उन्होंने पार्षद चुनाव में भाजपा के पूर्व पार्षद सोहन जैन को महज 36 वोट के अंतर से हराया था। 60 वार्ड वाले दुर्ग नगर निगम में इस नगरीय निकाय चुनाव में 30 वार्डों में कांग्रेस के पार्षद चुनाव जीतकर आए हैं।

वहीं 16 वार्डों में भाजपा के प्रतिनिधियों ने बतौर पार्षद जीत दर्ज की है। निगम के 13 अन्य वार्डों में निर्दलीय प्रत्याशी पार्षद बने हैं, वहीं एक वार्ड में जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ के प्रत्याशी ने पार्षद के रूप में जीत दर्ज की है। महापौर के चुनाव में धीरज को 30 कांग्रेसी पार्षदों के अलावा 10 निर्दलीय पार्षदों ने भी समर्थन दिया है।

News Share
CIN News | Bharat timeline 2023