Bhilai | पहले मुंह में कपड़ा ठूंसा ताकि वह चिल्ला न सके, फिर जिंदा ही जला दिया, विवाहिता की हत्या की वजह ढूंढ रही पुलिस

भिलाई: आरोपियों ने पहले 23 वर्षीय महिला के मुंह में कपड़ा ठूंसा ताकि वह चिल्ला न सके, फिर उसके पैर भी बांध दिए और फिर गले का फंदा तैयार कर दम घुटने तक कस दिया। जब इससे भी मन नहीं भरा तो उसे आग के हवाले कर दिया गया। मामला धमधा थाना के अंतर्गत देवरी का है।

मामले का खुलासा तब हुआ जब पुलिस ने महिला का झुलसा हुआ शरीर बरामद किया। हत्या किसने और क्यों की, इसका खुलासा अभी तक नहीं हुआ है। मृतक युवती की पहचान पूर्णिमा पति राजू यादव के रूप में हुई है। 4 साल पहले उसकी शादी हुई थी। पहला शक महिला के सास-ससुर पर ही किया जा रहा है।

मृतका का पति राजू मजदूरी करता है, पूर्णिमा की बड़ी बेटी भारती अपने दादा-दादी के पास रहती है। पूर्णिमा के ससुर ने पुलिस को बताया कि उसने ही सबसे पहले अपनी बहू के शरीर को जलता हुआ देखा और अपनी पत्नी को आवाज लगाई। पुलिस ने ढाई साल की भारती से भी पूछ-ताछ की लेकिन वह कुछ नहीं बता पा रही है।

पुलिस ने कहा कि मामला पूरी तरह से संदिग्ध है। एएसपी ग्रामीण दुर्ग प्रज्ञा मेश्राम ने कहा कि अभी तक शाॅर्ट पीएम रिपोर्ट नहीं मिल पायी है। पीएम आने से महिला की हत्या का कारण पता लगाया जा सकता है। पुलिस साक्ष्य के आधार पर पता लगाने की कोशिश कर रही है।

News Share
CIN News | Bharat timeline 2023