RAIPUR | सुख-समृद्धि के लिए पूजा-पाठ कराना एक यजमान को भारी पड़ गया, पंडित ने ही यजमानों पर हमला कर दिया

रायपुर: ग्रह शांति व घर में सुख-समृद्धि के लिए पूजा-पाठ कराना एक यजमान को भारी पड़ गया। पूजा करने आए पंडित ने ही यजमानों पर चापड़ (धारदार हथियार) से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आए बच्चों पर भी पंडित ने हमला कर दिया। घायल दंपति को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घर के मुखिया का आईसीयू में अभी उपचार चल रहा है। शिकायत पर पुलिस ने पंडित को हिरासत में लिया है। पंडित द्वारा यजमानों पर हमला किए जाने का कारण अब तक सामने नहीं आया है। यह घटना छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र की है।  

पुलिस ने बताया कि पानी टंकी के पास दादर निवासी विष्णु साहू (44) ने मंगलवार की शाम अपने घर पर भगवान शिव की पूजा का अनुष्ठान रखा था। उसने गांव में ही रहने वाले पुजारी दीनू प्रसाद शर्मा को पूजा करने के लिए बुलाया। पूजा में विष्णु साहू के साथ उसकी पत्नी निर्मला साहू (38) भी बैठी। पूजा कराने के बाद दीनू ने ध्यान कराने विष्णु और उनकी पत्नी निर्मला को कमरे में ले गया। इसके बाद दरवाजा उढ़का दिया और हथियार से प्राणघातक हमला करने लगा। विष्णु साहू के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। बीच बचाव कर रही निर्मला शर्मा और दोनों बच्चों सुमन साहू (19) और जितेश साहू (18) पर भी आरोपित ने चापड़ से वार कर दिया। 

घर का मुखिया आईसीयू में भर्ती 
घटना में गंभीर रूप से घायल विष्णु साहू को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उसे आइसीयू में रखकर इलाज किया जा रहा है। वहीं उसकी पत्नी निर्मला साहू के दाहिने गाल, हाथ, सुमन के सिर और जितेश के हाथ व सिर में चोट लगी है। उनका भी अस्पताल में इलाज जारी है। सिटी एसपी विश्वास चंद्राकर ने बताया कि आरोपी पुजारी दीनू प्रसाद शर्मा को हिरासत में लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है। अभी तक घटना का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। उसके खिलाफ हत्या का प्रयास की धारा के तहत केस दर्ज किया गया है। 

News Share
CIN News | Bharat timeline 2023