BILASPUR | पूर्व सीएम डॉ. रमन सिंह ने कहा- मुख्यमंत्री भूपेश बघेल दिल्ली जाकर लफ्फाजी करते हैं, प्रदेश के काम केन्द्र के पैसों से हो रहा है

बिलासपु: जिले के खैरागढ़ उप चुनाव के बाद फ्री हुए छत्तीसगढ़ के पूर्व सीएम डॉ. रमन सिंह बिलासपुर पहुंचे। सीजी भवन में मीडिया से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल दिल्ली जाकर लफ्फाजी करते हैं। भूपेश सरकार ने साढ़े तीन साल में कोई भी काम नहीं किया है। प्रदेश में जो भी काम हुए हैं, उसका 52 प्रतिशत राशि मोदी सरकार की है। बाकी राज्य सरकार लगाकर वाहवाही लूटने में लगी है। 

पूर्व सीएम डॉ. रमन सिंह ने भूपेश सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि भूपेश जी बिलासपुर से लेकर प्रदेश में कहीं भी नहीं बता पा रहे है कि उनकी अपनी सरकार ने क्या काम किया है। प्रदेश में जितने काम हुए हैं वह 2018 में हुए हैं। केंद्र सरकार के पैसे से छत्तीसगढ़ सरकार चल रही है। खैरागढ़ चुनाव में कांग्रेस की जीत पर डॉ. रमन सिंह ने कहा कि हार के डर से उपचुनाव में प्रदेश सरकार को घोषणा पत्र जारी करना पड़ा। नया जिला और तहसील बनाने की घोषणा पर जीत हासिल की है। उन्होंने कहा कि उप चुनाव में कभी भी घोषणा पत्र जारी नहीं होता। यह पहला उपचुनाव है, जहां 29 बिन्दुओं पर घोषणा पत्र जारी किया गया। छत्तीसगढ़ में आप पार्टी की एंट्री पर डॉ. रमन ने कहा कि जहां-जहां पर कांग्रेस को रिप्लेस करना है, उन जगहों पर आप पार्टी के लोग जा रहे हैं।

सेंट्रल मिनिस्टरों के आने से होता है फायदा: रमन
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के छत्तीसगढ़ दौरे को लेकर डॉ. रमन सिंह ने कहा कि केंद्रीय मंत्री के आने से राज्य को फायदा होता है। केंद्रीय मंत्री आलोचना करने नही आते। कही अच्छा काम होता है तो उसकी तारीफ भी होती है। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी 10 हजार करोड़ रुपये लेकर आ रहे हैं। इससे बड़ी खुशी प्रदेश के लिए और क्या हो सकती है। राज्य सरकार के खिलाफ विभिन्न विभागों के कर्मचारियों के आंदोलन पर रमन ने कहा कि विधानसभा के अंदर से लेकर बाहर चारों तरफ सरकार के खिलाफ असंतोष फैला हुआ है। यह सरकार नरवा, गरुवा, घुरवा और बाड़ी के भरोसे कब तक चलेगी नहीं मालूम।

News Share
CIN News | Bharat timeline 2023