MP NEWS | सीधी में 54 यात्रियों से भरी बस नहर में गिरी, 25 के शव मिले; 45 से ज्यादा की मौत की आशंका

सीधी: मध्यप्रदेश के सीधी में मंगलवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। यात्रियों से भरी बस बाणसागर नहर में गिर गई। अब तक 25 के शव नहर से निकाले गए हैं। 7 यात्रियों को बचाया गया है जबकि ड्राइवर तैरकर बच निकला। उसे हिरासत में लिया है। बस में 54 यात्री सवार थे। अधिकारियों ने आशंका जाहिर की है कि मृतकों की संख्या 45 से ज्यादा हो सकती है। सुबह 11.45 बजे क्रेन की मदद से बस को बाहर निकाल लिया गया।SDRF की टीम रेस्क्यू ऑपरेशन में जुट गई है। गोताखोर भी वहां मौजूद हैं। नहर में पानी का बहाव तेज होने की वजह से रेस्क्यू टीम जलस्तर कम होने का इंतजार कर रही थी। आशंका है कि तेज बहाव के चलते लोग घटना स्थल से काफी दूर बह गए होंगे। ऐहतियातन बाणसागर डैम से नहर का पानी रोक दिया गया है। नहर का जलस्तर कम करने के लिए इसके पानी को सिहावल नहर में भेजा जा रहा है।

एएसपी अंजुलता पटले ने बताया 15 शव निकाले जा चुके हैं। शेष सभी यात्रियों की मौत की आशंका है। हादसा रामपुर के नैकिन इलाके में सुबह करीब साढ़े सात बजे हुआ है। बस सीधी से सतना जा रही थी।

जाम की वजह से ड्राइवर ने बदला रूट

पुलिस के मुताबिक, बस की क्षमता 32 सवारियों की थी, लेकिन इसमें 54 यात्री भर लिए गए थे। सीधी मार्ग पर छुहिया घाटी से होकर बस को सतना जाना था, लेकिन यहां जाम की वजह से ड्राइवर ने रूट बदल दिया। वह नहर के किनारे से बस ले जा रहा था। यह रास्ता काफी संकरा था और इसी दौरान ड्राइवर ने संतुलन खो दिया। झांसी से रांची के जाने वाला हाईवे सतना, रीवा, सीधी और सिंगरौली होते हुए जाता है। यहां जगह-जगह सड़क खराब और अधूरी है। इस वजह से यहां आए दिन जाम की स्थिति रहती है।

News Share
CIN News | Bharat timeline 2023