VIRAL POST | कभी इस परिवार का रोम-रोम कर्ज में डूबा था, भाई-बहन के डांस वीडियो ने लखपति बना दिया, जानिए ये खास सक्सेस स्टोरी

नई दिल्ली: इंसान को जितना गरीबी का दौर सीखाता है शायद ही कोई और पल जिंदगी में उतना ज्यादा सीखाता हो। लेकिन दौर आता है, चला जाता है, रहता नहीं। इंसान मेहनत से उसे बदलने की कोशिश करता है यही जीवन है दोस्तों। नीरसता और उदासपन से आजतक कुछ हासिल नहीं हुआ सिवाए तनाव के। सनातन और सावित्री दोनों भाई-बहन हैं। बचपन गरीबी में कटा लेकिन कैमरे के सामने आते ही चेहरे पर ऐसी प्यारी मुस्कान बिखेरकर डांस स्टेप करते हैं मानों दुनिया के सबसे रईस लोग हों। आज हम आपको उनकी कहानी बताने जा रहे हैं।

ऐसा हो नहीं सकता कि आपने इंस्टाग्राम या फिर पहले टिकटॉक पर इस भाई-बहन की जोड़ी का डांस देखा ना हो। ये धनबाद जिले के बलियापुर प्रखंड के छोटे से गांव निपनियां में रहते हैं।

कुछ वर्षों पहले तक इनका परिवार कर्जदार था। लेकिन भाई-बहन के डांस ने लोगों पर ऐसा जादू चलाया कि उनकी दुनिया ही बदल गई।

आज भाई-बहन की ही कमाई से सात लोगों का पूरा परिवार पल रहा है। एक साल के अंदर ही सनातन और सावित्री के यूट्यूब चैनल पर एक मिलियन से ज्यादा सब्सक्राइबर्स हो गए हैं।

पोस्ट ग्रेजुएशन के बाद भी 26 वर्षीय सनातन को नौकरी नहीं मिली। सनातन महतो के पिता दुखन महतो एक किसान हैं, उनके पास ज्यादा जमीन नहीं है। बस गुजर बसर की फसल हो जाती है। सनातन के सात भाई-बहन हैं, तीन बहनों की शादी हो चुकी है। सावित्री महतो अपने भाई सनातन से बड़ी हैं।

जब दोनों बहन-भाई अपने डांस का वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट करते थे तो आसपास के लोग ही उन्हें बुरा-भला कहते थे। वो उन्हें ट्रोल करते। लेकिन सनातन और सावित्री ने किसी की एक ना सुनी। वो आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए डांस के वीडियोज अपलोड करते रहे। और लोगों की बातों को हवा में उड़ाते रहे। यूजर्स के प्यारे-प्यारे कमेंट्स से प्यार करते रहे।

सावित्री और सनातन एक छोटे से गांव से हैं। उनकी कहानी ने दुनिया को यह बता दिया है कि सपने कहीं भी पल सकते हैं। उन्हें बस अपनी मेहनत के पसीने से सींचने की जरूरत है। लोगों की बुरी बातों की आंधियों से बचाने की जरूरत है। प्रतिभा एक दिन दुनिया के सामने जरूर आती है।

News Share
CIN News | Bharat timeline 2023