Raipur | धान खरीदी मुददे पर विपक्ष ने सरकार को घेरा, बृजमोहन अग्रवाल ने कहा- बारदाना खरीदना आपकी जवाबदारी, केन्द्र ने यदि ऐसा कहा है तो आदेश दिखाएं

रायपुर: विधानसभा में आज धान खरीदी को लेकर विपक्ष ने सरकार को जमकर घेरा। विपक्ष के स्थगन प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान वरिष्ठ विधायक बृजमोहन अग्रवाल ने सरकार को चुनौती देते हुए कहा कि- बारदाना खरीदना राज्य सरकार की जिम्मेदारी है। इसके लिए केन्द्र कतई दोषी नहीं है, यदि आप केन्द्र सरकार की जवाबदेही कहते हैं तो जरा आदेश दिखाइए।

श्री अग्रवाल ने कहा कि कांग्रेस ने सत्ता में आने से पहले किसानों से धान खरीदी को लेकर जो वादा किया था वो पूरा होता नहीं दिख रहा है। 1500 करोड़ का धान मौसम की मार के कारण खराब हो रहा है। नकली बीज, गिरदवारी कम होने की वजह से किसान खुदकुशी कर रहा है। बार-बार राज्य सरकार बारदानों की कमी की बात कहती है तो उसकी खरीदी क्यों नहीं करती?

इस मसले पर विधायक धर्मजीत सिंह ने कहा कि किसानों की मौत के मामलों में सरकार दोषी है। किसान आत्महत्या करता है तो कभी उसकी पत्नी को चरित्रहीन बताया जाता है तो कभी किसान को ही मानसिक रूप से कमजोर कह दिया जाता है, यह बेहद आपत्तिजनक है। अगर दिल्ली सरकार ने बोरा नहीं दिया तो आप धान ही नहीं खरीदेंगे। श्री सिंह ने कहा कि आप लोगों का निकलना मुश्किल हो जाएगा। धान का उठाव ही नहीं हो रहा है। आपको जवाब तो देना ही होगा, हमें भी और जनता को भी।

News Share
CIN News | Bharat timeline 2023