सदानंद गौड़ा, देबाश्री चौधरी और संतोष गंगवार ने दिया इस्तीफा, मोदी केबिनेट में इन चर्चित चेहरों का मंत्री बनना तय, यहाँ देखिये सूची

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूसरी सरकार का पहला कैबिनेट विस्तार आज शाम को होगा। इस विस्तार में शामिल किए गए नेताओं को पीएम आवास पर बुलाया गया था। इन नेताओं के साथ पीएम आवास पर हुई बैठक में केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जेपी नेड्डा भी मौजूद थे। नए चेहरों को एडजस्ट करने के लिए केंद्रीय मंत्रिमंडल से कई मंत्रियों की छुट्टी भी की गई है। इनमें बंगाल से भाजपा की सांसद देबाश्री चौधरी शामिल हैं। बरेली के सांसद और वरिष्ठ भाजपा नेता संतोष गंगवार ने केंद्रीय मंत्रिमंडल विस्तार से पहले इस्तीफा दे दिया है।

सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, प्रधानमंत्री आवास पहुंचने वालों में भाजपा महासचिव भूपेंद्र यादव, मध्य प्रदेश से राज्यसभा सदस्य ज्योतिरादित्य सिंधिया, महाराष्ट्र से राज्यसभा के सदस्य नारायण राणे, केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री अनुराग ठाकुर, हरियाणा के सिरसा से सांसद सुनीता दुग्गल, दिल्ली से भाजपा सांसद मीनाक्षी लेखी, उत्तराखंड से सांसद अजय भट्ट, कर्नाटक से सांसद शोभा करंदलाजे, महाराष्ट्र से सांसद प्रीतम मुंडे, अपना दल (एस) की अनुप्रिया पटेल, लोक जनशक्ति पार्टी के पारस गुट के पशुपति पारस और जनता दल (यूनाइटेड) के आरसीपी सिंह सहित कुछ अन्य नेता शामिल थे।

प्रधानमंत्री के रूप में मई 2019 में 57 मंत्रियों के साथ अपना दूसरा कार्यकाल आरंभ करने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहली बार केंद्रीय मंत्रिपरिषद में फेरबदल व विस्तार करने वाले हैं। मौजूदा मंत्रिपरिषद में कर्नाटक के राज्यपाल बनाए गए केंद्रीय सामाजिक न्याय व अधिकारिता मंत्री थावरचंद गहलोत सहित कुल 53 मंत्री हैं और नियमानुसार केंद्रीय मंत्रिपरिषद में अधिकतम मंत्रियों की संख्या 81 हो सकती है।

शाम छह बजे राष्ट्रपति भवन के अशोक हॉल में कोविड प्रोटोकॉल का पालन करते हुए होने वाले शपथ ग्रहण समारोह में, मंत्री पद की शपथ लेंगे।

News Share
CIN News | Bharat timeline 2023