BALODABAZAR | नवविवाहिता की मायके में पति ने की गला रेतकर हत्या, सालियों ने दौड़कर आरोपी को पकड़ा

बलौदाबाजार- भाटापारा: चरित्र शंका के चलते नवविवाहिता की उसके पति ने गला रेत कर हत्या कर दी। हत्या को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो रहा था जिसे उसकी सालियों ने रस्सी से बांध दिया और पुलिस के हवाले कर दिया। घटना गिधपुरी थाना क्षेत्र की है।

गिधपुरी थाना क्षेत्र के ग्राम गेयतरा में रहने वाली 24 वर्षीय ममता चौहान की शादी 6 माह पहले जून माह में ही मल्दी निवासी 30 वर्षीय राजेश चौहान से हुई थी। राजेश गुजरात मे मजदूरी का काम करता है। शादी के लिए वह घर आया था फिर शादी के बाद पिछले 6 माह से वापस गुजरात नही गया था। शुरू शुरू में दोनो पति पत्नी के बीच तो सब ठीक रहा फिर शादी के दो माह बाद ही राजेश को अपनी पत्नी पर शंका होने लगी कि उसका किसी अन्य युवक से अफेयर है और इसके चलते दोनो में झगड़ा शुरू हो गया। राजेश इस बात को लेकर अपनी पत्नी ममता से मारपीट भी करता था। ममता ने इस बात की जानकारी अपने मायके वालों को दी और पति को छोड़ कर मायके आने की बात कही। पर उसके मायके वालों ने उसे शादी के बाद पति के साथ ही निबाहने की समझाइश देकर ससुराल में ही रहने को कहा। जिससे जैसे तैसे वह ससुराल में गुजर बसर करने लगी।

तकरीबन 15 दिन पहले ममता अपने मायके आयी थी। जिसे लेने कल घटना दिनांक शनिवार से दो दिन पहले उसका पति राजेश भी उसके मायके गेयतरा आया। और दो दिन तक अपने ससुराल में रुका। फिर कल शनिवार दोपहर को उसने पत्नी को कहा कि घर के पीछे लगे खेत मे भाजी तोड़ने चलते हैं। पत्नी को लेकर वह भाजी तोड़ने के बहाने पीछे खेत पहुँचा। काफी देर तक दोनो वापस नही आये तब ममता की बहनें देखने के लिए पीछे खेत पहुँची जहां देखा कि उनके जीजा राजेश ने किसी धारदार हथियार से गला रेत हत्या कर दी है और ममता की लाश छोड़ भागने की फिराक में है। जिसके बाद ममता की दोनों बहनों ने अपने जीजा को दौड़ कर पकड़ लिया और उसे घसीटते हुए खेत से लगे अपने घर के अंदर ले गए। फिर रस्सी से उसके हाथ पांव बांध कर पुलिस व परिजनों को सूचना दी।

सूचना पर पहुँची गिधपुरी पुलिस ने आरोपी राजेश को गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि वह आदतन शराबी था और शराब के नशे में ममता से मारपीट करता था। ममता की बहनों के अनुसार वह अक्सर ममता को जान से मारने की धमकी दिया करता था, जिसकी जानकारी ममता ने अपनी बहनों को दी थी। भागने की कोशिश के दौरान आरोपी राजेश को भी चोट लग गई थी। जिसके चलते उसे पुलिस सुरक्षा में अस्प्ताल में भर्ती करवाया है। ठीक होने के बाद पुलिस आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजने की कार्यवाही करेगी।

News Share
CIN News | Bharat timeline 2023