WEATHER UPDATE | मैनपाट इलाके में दूसरे दिन भी जबरदस्त पाला गिरा : प्रदेश के 15 जिलों में शीत लहर चलने की खबर

रायपुर/अंबिकापुर : उत्तरी छत्तीसगढ़ के सरगुजा संभाग में ठंड कंपा रही है। प्रदेश के शिमला कहे जाने वाले मैनपाट इलाके में दूसरे दिन भी जबरदस्त पाला गिरा, इससे इलाके में बर्फ के समान मोटी परत बिछ गई। यहां पारा दो दिन से एक डिग्री के आसपास स्थिर हो गया है। पहाड़ी इलाके में कड़ाके की ठंड से जनजीवन प्रभावित है। इधर अंबिकापुर में भी ठंड से लोगों को राहत नही मिल रही है। रविवार को संभाग मुख्यालय अंबिकापुर का तापमान 4 डिग्री दर्ज किया गया जो सामान्य से करीब 4 डिग्री कम है।

मैनपाट इलाके में भारी पाला गिरने से फसलों को नुकसान पहुंचा है। आलू की फसल को सबसे ज्यादा नुकसान हुआ है। पाले से पौधे गल गए हैं। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे तक ठंड से राहत मिलने की संभावना नहीं है।

लोगों ने लिया पाले का मजा

मैनपाट में सुबह जब लोग घरों से बाहर निकले तो सामने का नजारा देख हैरान रह गए। घास के मैदान, काट कर रखी गई फसल और घरों के बाहर खड़ी वाहनों के ऊपर बर्फ की मोटी चादर बिछी हुई थी। ग्रामीण और बच्चे बर्फ के इन टुकड़ों को हाथों में लेकर खूब मजा लेते रहे।

कड़ाके की ठंड के बावजूद लोगों का उत्साह देखते बन रहा था। इलाके में ठंड से बर्फ जमने की ख़बर के बाद बड़ी संख्या में सैलानी भी यहां घूमने पहुंचे हैं।

प्रदेश के 15 जिलों में शीत लहर

उत्तर भारत की ओर से आ रही शुष्क हवाओं ने पूरे प्रदेश को कड़ाके की ठंड का अहसास कराया है। पिछले दो दिनों से कंपकपा देने वाली ठंड पड़ रही है, जो निरंतर बढ़ती जा रही है। दिन में धूप निकलने के बावजूद सर्द हवाओं से कंपकंपी वाली ठंड पड़ रही है। शाम ढलते ही लोग घरों में दुबक रहे हैं।

न्यूनतम तापमान लगातार गिरता जा रहा है। पिछले 24 घंटे तापमान में दो डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई। जिससे ठंड का असर तेजी से बढ़ा है। प्रदेश के 15 जिलों में शीत लहर चलने की खबर है। रायपुर जिले में इस साल अब तक का सबसे कम न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया है।

मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा ने बताया कि कड़ाके की ठंड का असर अगले दो-तीन दिन तक जारी रहेगा। सभी जिलों में तापमान सामान्य से नीचे जा सकता है। राजधानी रायपुर में भी कंपाने वाली ठंड पड़ रही है।

News Share
CIN News | Bharat timeline 2023