RAIPUR | कौन हैं कांग्रेस विधायक अंबिका सिंहदेव, पति ने लगाया है पिटाई का आरोप, सोशल मीडिया पर नहीं थम रहा विवाद

रायपुरः अंबिका सिंहदेव छत्तीसगढ़ के बैकुंठपुर विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं। पति के साथ सोशल मीडिया पर उनका विवाद सुर्खियां बन रहा है।

अंबिका सिंहदेव और अमितावो कुमार घोष की शादी 1996 में हुई। हालांकि, दोनों पिछले 51 वर्षों से एक-दूसरे को जानते हैं।

अंबिका और अमितावो के दो बेटे हैं। बड़ा बेटा आर्यमन जय घोष 20 साल का है। छोटे बेटे अनिरुद्ध घोष की उम्र 18 वर्ष है। अमितावो दोनों बेटों के साथ इंग्लैंड में रहते हैं।

अंबिका सिंहदेव छत्तीसगढ़ के पहले वित्तमंत्री रामचन्द्र सिंहदेव की भतीजी हैं। रामचंद्र सिंहदेव अविभाजित मध्य प्रदेश में एक साथ 16 विभागों के कैबिनेट मंत्री रहे थे। वे अविवाहित थे। अंबिका उनकी राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ा रही हैं।

अमितावो घोष ने अपने पहले पोस्ट में अंबिका से राजनीति छोड़ने की अपील की थी। उन्होंने लिखा था कि अंबिका अपने परिवार के पास लौट आएं।

अंबिका सिंहदेव ने राजनीति छोड़ने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि उनके पति राजनीतिक विरोधियों के बयानों से व्यथित होकर यह आग्रह कर रहे हैं। इसके बाद अमितावो ने दूसरे पोस्ट में उन पर पिटाई करने का आरोप लगाया।

फिलहाल यह विवाद थमता हुआ नजर नहीं आ रहा है। अमितावो ने कहा है कि वे 10 फरवरी तक अपनी बात सोशल मीडिया पर लिखते रहेंगे। इसके बाद वे छत्तीसगढ़ आकर अपनी पत्नी से मिल सकते हैं।

News Share
CIN News | Bharat timeline 2023