स्वास्थ्य मंत्रालय का बयान | अब तक 11 हजार 706 लोग ठीक हुए ; रिकवरी रेट 3.7 प्रतिशत की बढ़ोतरी के बाद 27.5 प्रतिशत पर पहुंचा

नई दिल्ली: केंद्र सरकार कोरोनावायरस के हालात पर रोज प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जानकारी देती है। सोमवार को स्वास्थ्य मंत्रालय में संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने बताया कि अब तक 11 हजार 706 लोग ठीक हुए हैं। रिकवरी रेट 27.52% हो गया है। 28 अप्रैल को रिकवरी रेट 23.8% था। राहत के दौरान सोशल डिस्टेंसिंग में अगर सही ढंग से इसका पालन न हो तो संक्रमण फैलने का डर है।अग्रवाल के मुताबिक, कंटेनमेंट जोन और इसके बाहर भी हमें सभी तरह की सावधानी बरतनी है। जहां राहत दी गई है, वहां भीड़-भाड़ से बचें। लॉकडाउन में हमें अपनी सामाजिक जिम्मेदारी समझनी होगी।

अभी तक देश में 42 हजार 533 मामले

अग्रवाल ने यह भी बताया कि अब तक 112 जिले में सिर्फ 610 मामले हैं। यह देश में कुल मामलों का 2 प्रतिशत है। इन सभी जिलों में लोगों को बड़े पैमाने पर जागरूक किया गया। देश में कुल 42 हजार 533 मामले सामने आए हैं। हम लगातार जांच बढ़ा रहे हैं और लोगों को चिन्हित कर उन्हें स्वस्थ बनाने के लिए काम कर रहे हैं। स्वास्थ्यकर्मियों को पीपीई किट और अन्य बचाव के उपाय बताए। हम जल्द दादा-दादी और नाना- नानी अभियान शुरू करने की भी योजना बना रहे हैं, जिससे बुजुर्गों की देखरेख के बारे में लोगों को बताया जा सके।

मजदूरों की हरसंभव मदद करेंगे

अग्रवाल के मुताबिक, हमने कभी भी किसी मजदूर से किराया लेने की बात नहीं कही। किराए का 85% केंद्र सरकार और 15% राज्य सरकार को वहन करना है। मजदूरों की हरसंभव मदद कर रहे हैं। रेलवे और राज्य सरकारों ने आपस में विचार विमर्श करने के बाद ट्रेनें चलाने का फैसला किया है।

News Share
CIN News | Bharat timeline 2023