BHILAI | प्रेमी के साथ मिलकर की पति की हत्या, पुलिस को गुमराह करने की कोशिश, 9 साल के बेटे ने खोला राज

रमेश गुप्ता
भिलाई:
पहले मम्मी और अंकल ने पापा को बहुत मारा और उसके बाद उन्हें मार डाला। 9 साल के डरे-सहमे बच्चे शुभम ने जब यह पुलिसवालों को बताया तो अंधेकत्ल की गुत्थी अपने आप सुलझ गयी। पुलिस ने नमित साहू के हत्या के आरोप में उसकी पत्नी बिंदू और प्रेमी राजेश साहू को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि महिला की शादी को 10 साल हो चुके हैं।

एक साल से चल रहा है प्रेम संबंध
मिली जानकारी के अनुसार आरोपी राजेश रिश्ते में देवर का साढू भाई है। दोनों के बीच करीब एक साल से प्रेम संबंध है। इस बात की जानकारी नमित को भी थी इसलिए पति-पत्नी में आए दिन विवाद होता था। पुलिस थाने में भी पति-पत्नी ने एक-दूसरे के खिलाफ रिपोर्ट लिखवाई थी। रक्षाबंधन के दिन बिंदू अपने प्रेमी के साथ भाग गयी थी, जिसे बाद में नमित समझाकर अपने घर ले आया था।

पति के नशे में रहने का फायदा उठाया
बिंदू ने बताया कि वह अपने पति को मारने की प्लानिंग कई दिनों से कर रही थी। घटना वाले दिन उसका पति बेहद नशे में घर आया था तो बिंदू को यह सही मौका लगा। उसने तुरंत राजेश को फोन करके घर बुला लिया और दोनों ने मिलकर हत्या कर डाली। महिला ने बताया कि पति को मारने के बाद वह अपनी बेटियों के पास सोने चली गयी। बाद में उसने जताया कि वह अपने पति को देखने जा रही है और शोर मचाने लगी कि नमित के सीने में दर्द होने की वजह से अचेत हो गए हैं। इस बीच प्रेमी घर से फरार हो गया था।

9 साल के शुभम ने सब देखा
डेढ़ बजे रात को जब बिंदू और राजेश मिलकर नमित की पिटाई कर रहे थे तो पास में ही सो रहा शुभम जाग गया। पर डर के कारण वह चुपचाप लेटा रहा। उसने पूरी वारदात देखी लेकिन घबराहट में वह पुलिस को बता नहीं पा रहा था। जब पुलिस ने काउंसलिंग की तो उसने सारा राज उगल दिया। जिसके बाद पुलिस ने सबसे पहले महिला और से प्रेमी राजेश को गिरफ्तार कर लिया। इस पूरे मामले में बेटे शुभम का पुलिस ने बयान लिया है। इस दौरान वीडियो भी बनाया है।

News Share
CIN News | Bharat timeline 2023