CHHATTISGARH | क्वारैंटाइन सेंटर से भागकर आये युवक ने काट दिया पत्नी का हाथ ; जानिए मामला

  • बागीचा क्षेत्र में देर रात की घटना, पुलिस ने आरोपी पति को किया गिरफ्तार
  • लॉकडाउन में ओेडिशा से लौटने के बाद युवक को रखा गया था क्वारैंटाइन सेंटर में

जशपुर:छत्तीसगढ़ के जशपुर में एक युवक ने बुधवार देर रात कुल्हाड़ी से अपनी पत्नी का हाथ काट दिया। युवक को अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह था। शाम को पत्नी का मोबाइल व्यस्त मिलने पर युवक क्वारैंटाइन सेंटर से भाग निकला और वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं महिला की हालत गंभीर देख उसे अंबिकापुर रेफर किया गया है। घटना बागीचा थाना क्षेत्र की है। 

जानकारी के मुताबिक, बागीचा क्षेत्र के कोरहापेटना गांव निवासी ललित कोरवा (25) ओडिसा की एक बोरवेल कंपनी में काम करता है। लॉकडाउन के दौरान वहां से लौटने पर उसे रतनपुर के क्वारैंटाइन सेंटर में रखा गया था। ललित ने बुधवार शाम को क्वारैंटाइन सेंटर से अपनी पत्नी पियरमुनी को मोबाइल पर कॉल किया। उसका नंबर व्यस्त जा रहा था। इस पर ललित देर रात क्वारैंटाइन सेंटर से भाग निकला। 

इसके बाद घर पहुंचकर उसने पत्नी पर कुल्हाड़ी से वार किया। इससे उसका हाथ का पंजा कटकर अलग हो गया। देर रात स्थानीय लोगों को घटना का पता चला तो उन्होंने स्थानीय अस्पताल में पियरमुनी को भर्ती कराया और पुलिस को सूचना दी। अस्पताल में हालत गंभीर देख सुबह उसे अंबिकापुर रेफर कर दिया गया है। वहीं पुलिस ने आरोपी पति ललित कोरवा को गिरफ्तार कर लिया है। 

News Share
CIN News | Bharat timeline 2023