RAIPUR | सरकारी ऑफिस में आधे घंटे ज्यादा काम करने को तैयार नहीं कर्मचारी, जीएडी का आदेश भी नहीं मान रहे

रायपुर: छत्तीसगढ़ में फाइव-डे वर्किंग तय होने के बाद भी अधिकारी-कर्मचारी तय समय पर ड्यूटी नहीं आ रहे हैं। कलेक्टोरेट से लेकर मंत्रालय तक कर्मचारी सुबह 10 बजे दफ्तर ही नहीं पहुंच रहे हैं। कई विभागों में ताले लटके मिले। लेटलतीफी को अपनी आदत बना चुके कर्मचारी शायद इसे स्वीकार ही नहीं कर रहे हैं या फिर आधा घंटा ज्यादा काम करना ही नहीं चाहते। सरकारी दफ्तरों में 70% कर्मचारी तय समय में ड्यूटी ही नहीं आ रहे हैं। सामान्य प्रशासन विभाग ने विभाग प्रमुखों को आदेश जारी कर कर्मचारियों को तय समय पर ड्यूटी बुलाने व निर्धारित समय तक कार्यालय में रहने के निर्देश जारी किए हैं। तय समय पर ड्यूटी नहीं आने वालों पर सिविल सेवा आचरण नियमों के तहत कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए हैं। इधर कर्मचारी संघों से कई तरह की बातें सामने आ रही है।

छत्तीसगढ़ तृतीय श्रेणी कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष विजय झा का कहना है कि पहले मैदानी कार्यालयों के लिए सुबह 10.30 बजे से शाम 5 बजे तक की कार्य अवधि निर्धारित थी। सरकार ने इसे 10 बजे से 5.30 कर दिया। अब आप बताइए इतनी सुबह कोई कार्यालय कैसे आएगा। कर्मचारी नेता का कहना है कि महिलाएं घर का कामकाज निपटाकर आती हैं। उनको पति और बच्चों को भी देखना होता है। वे सुबह 10 बजे कार्यालय कैसे पहुंच पाएंगी। हमने पांच दिन का कार्य दिवस तो मांगा नहीं था। सरकार ने अपने मन से दिया। सरकार शाम को 6 बजे तक वर्किंग ऑवर कर ले हमें दिक्कत नहीं है, लेकिन सुबह 10 बजे नहीं आ सकते। विजय झा ने कहा कि वे लोग जल्दी ही इस संबंध में लिखित मांग पत्र अधिकारियों को सौंपेंगे।

कामकाज 5 बजे तक ही रखने मुख्य सचिव से मिलेंगे  
छत्तीसगढ़ संचालयीन कर्मचारी संघ के अध्यक्ष डॉ. जितेंद्र सिंह ठाकुर एक नई ही मांग पेश करने की तैयारी में हैं। ठाकुर कहते हैं उनके पास कर्मचारियों के लगातार संदेश आ रहे हैं। नवा रायपुर के कार्यालयों में काम कर रहे कर्मचारी-अधिकारी 5.30 बजे तक के कामकाज से परेशान हैं। नवा रायपुर से निकलने वाली पहली बस अब 5.40 पर रवाना हो रही है। कर्मचारियों का कहना है कि इससे रायपुर पहुंचने में एक घंटा लग जाता है। घर पहुंचने में तो रात हो जा रही है। उनका कहना है इस नए वर्किंग ऑवर से महिलाएं बहुत परेशान हैं। उन्हें घर जाकर परिवार और बच्चों को भी संभालना होता है। कर्मचारियों की मांग पर उनका संगठन जल्द ही सीएस से मिलकर नवा रायपुर के कार्यालयों के लिए कामकाज का समय शाम 5 बजे तक ही रखने की मांग करेगा।

कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन ने दोनों से किया किनारा
छत्तीसगढ़ कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन ने इन दोनों संगठनों के रुख से किनारा कर लिया है। फेडरेशन के संयोजक कमल वर्मा का कहना है कि कुछ कर्मचारी नेताओं का यह रुख बेतुका है। उनका संगठन सरकार से लगातार पांच दिनों के वर्किंग ऑवर की मांग करता आ रहा है। सरकार ने इसे स्वीकार किया और सभी ने इसका स्वागत किया है। अब सरकार रोजाना केवल आधा घंटा अधिक काम लेना चाहती है, तो दिक्कत क्या है। लोगों के प्रति भी हमारी जिम्मेदारी बनती है। हम लोग संगठन के जरिए कर्मचारियों से संवाद की कोशिश कर रहे हैं कि वे समय पर कार्यालय आकर काम करें। 5 दिन काम और दो दिन छुट्टी का आदेश बहुत अच्छा है। सभी सरकारी कर्मचारी परिवार के साथ भरपूर समय व्यतीत कर सकेंगे। 

सिविल सेवा आचरण नियमों के तहत कार्रवाई 
सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव डीडी सिंह ने कहा कि राज्य के मंत्रालय एवं विभागाध्यक्ष कार्यालयों तथा समस्त मैदानी कार्यालयों में अधिकारियों-कर्मचारियों को सुबह 10 बजे से शाम 5.30 बजे तक कार्यालय में रहने का आदेश जारी किया गया है। मंत्रालय महानदी भवन से सभी संभागायुक्तों व कलेक्टरों को इस संबंध में निर्देश जारी किए गए हैं। शनिवार को अवकाश घोषित करते हुए सप्ताह में 5 कार्य दिवस तय किया गया है। शासन तक यह बात आई है कि कई शासकीय कार्यालयों-मैदानी कार्यालयों में अधिकारी-कर्मचारी तय समय पर दफ्तर ही नहीं आ रहे हैं। निर्देशों का उल्लंघन होने पर संबंधित अधिकारी-कर्मचारी पर सिविल सेवा आचरण नियमों के तहत कार्यवाही की जाएगी।

जांजगीर-चांपा जिले में 68 कर्मियों को नोटिस  
राज्य शासन द्वारा कार्यालयों में अधिकारियों-कर्मचारियों की सुबह 10 बजे से शाम 5.30 बजे तक उपस्थिति के संबंध में जारी निर्देशों का पालन करने जांजगीर-चांपा जिले में राजस्व अधिकारियों द्वारा जिला कार्यालय सहित विभिन्न कार्यालयों का सुबह 10 बजे से 10.15 बजे तक निरीक्षण किया गया। इस दौरान विभिन्न कार्यालयों में अनुपस्थित 68 कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। जांजगीर-चांपा के कलेक्टर जितेन्द्र कुमार शुक्ला ने सभी विभागों के प्रमुख अधिकारियों को पत्र जारी कर राज्य सरकार के आदेश का कड़ाई से पालन करने तथा देर से दफ्तर आने वालों कर्मियों की वेतन कटौती का आदेश जारी किया है। कार्यालय प्रमुखों को उपस्थिति पंजी की फोटो सुबह 10.15 बजे तक व्हाट्सएप ग्रुप में शेयर करने भी कहा है।

News Share
CIN News | Bharat timeline 2023