RAIPUR | खाद्य मंत्री अमरजीत भगत ने पूजा-पाठ कर धान खरीदी केन्द्र का किया शुभारंभ, कहा- किसानों को नहीं होगी किसी भी प्रकार की असुविधा

रायपुर: समर्थन मूल्य पर सरकार द्वारा आज से धान खरीदी की शुरूआत हो गयी है। खाद्य मंत्री अमरजीत भगत ने धरसींवा विकासखंड के ग्रामीण सेवा सहकारी समिति कुम्हारी केन्द्र में पूजा-पाठ कर केन्द्र में खरीदी का शुभारंभ किया। केन्द्र का निरीक्षण कर उन्होंने खरीदी की सुविधाओं की जानकारी भी प्राप्त की।

मीडिया से बात करते हुए मंत्री ने कहा कि आज का दिन किसानों के लिए खुशी का दिन है और यह दिन उनके लिए बेहद खास है। धान खरीदी मंे किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होगी, इस बात का विशेष रूप से ध्यान रखा जा रहा है। शासन और कांग्रेस संगइन स्तर पर निगरानी समिति बनायी गयी है जो अलग-अलग धान खरीदी केंद्रों का निरीक्षण करेंगी। अवैध परिवहन को रोकने के लिए भी जरूरी कदम उठाए गए हैं। यदि कोई ऐसा करता पाया गया तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

बता दें कि प्रदेश में धान खरीदी का महाअभियान आज से शुरु होकर 31 जनवरी 2021 तक चलेगा। इसके लिए पूरे प्रदेश में 2 हजार 305 धान खरीदी केन्द्र बनाए गए हैं। जिसमें से 257 ऐसे केंद्र है जहां पर पहली बार धान खरीदी की जाएगी। वहीं पिछले वर्ष की तुलना में 2 लाख 49 हजार ज्यादा किसानों ने धान बेचने के लिए पंजीयन कराया है। इन्हें मिलाकर इस वर्ष समर्थन मूल्य पर धान बेचने के लिए कुल 21 लाख 29 हजार 764 किसानों ने पंजीयन कराया है।

News Share
CIN News | Bharat timeline 2023