CRIME | सब्जियों की बोरी के नीचे छुपाकर ले जा रहे थे गांजा, पुलिस की मुस्तैदी की वजह से 9 क्विंटल से अधिक की तस्करी पकड़ी गई

महासमुंद: लाॅकडाउन होने के बावजूद तस्करों के हौसले बुलंद हैं। वह सीमा पार कर भी गांजा तस्करी करने से नहीं डर रहे हैं। ऐसे में पुलिस बल भी अब सख्ती से सर्चिंग कर रहा है। पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। सिंघोडा थाने के रेहटीखोल के पास एक वाहन की तलाशी लेने पर 9 क्विंटल गांजा जब्त किया गया।

मिली जानकारी के अनुसार मुखबिर ने पुलिस को सूचना दी की उड़ीसा की ओर से वाहन में अवैध रूप से गांजा तस्कर किया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने चैकसी बढ़ा दी। रेहटीखोल नाके के पास जब एक वाहन को रोका गया तो उसमें सब्जियां रखी हुई थी। सिंघोडा पुलिस टीम ने जब ड्राइवर से बात की तो उसने गोल-मोल जवाब देना शुरू कर दिया। शक होने पर पुलिस ने सभी बोरियों को चैक करना शुरू कर दिया। गाड़ी में 30 नग प्लास्टिक के बैग मिले, जिसे सब्जियों की बोरी के नीचे छुपाकर रखा गया था। उन प्लास्टिक के बैग्स में 903 पैकेट गांजा मिला।

पुलिस ने आरोपी श्याम सुन्दर ओरग और उत्सव कुमार मिश्रा को हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने बताया कि सभी पैकेट को मिलाकर वजन करने पर 9 क्विंटल गांजा मिला है। आरोपियों ने बताया कि वह उड़ीसा से गांजा लेकर मध्यप्रदेश ले जा रहे थे। गांजा जप्त कर उनके खिलाफ 20बी आईपीसी एक्ट के तहत थाना सिंघोडा में कार्यवाही की जा रही है।

News Share
CIN News | Bharat timeline 2023