स्वर्ण जाति की युवती से प्यार करना पड़ा महंगा, दलित का सिर मूंडकर पहनाई जूतों की माला, चार गिरफ्तार

जबलपुर: एक दलित युवक को सवर्ण लड़की से प्रेम करने की कथित सजा सिर मूंडकर और गले में जूतों की माला पहना कर दी गई। जबलपुर पुलिस ने इस आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया है।

जबलपुर पुलिस के मुताबिक दमन खामरिया गांव के रहने वाले राज कुमार देहरिया ने शिकायत दर्ज करा इस तरह के आरोप लगाए। जबलपुर से दमन खामरिया गांव की दूरी 40 किलोमीटर है। राज कुमार देहरिया ने शिकायत में कहा कि उसका सिर मूंडकर चेन से बांधा गया, गले में जूते की माला डाल कर पूरे गांव में घुमाया गया।

राज कुमार देहरिया के आरोप के मुताबिक जिस लड़की से वो प्यार करता था, उसी के घरवालों ने ये सब किया। राज कुमार देहरिया ने शिकायत में कहा कि आरोपियों ने ये सब करते हुए वीडियो भी बनाया और कई सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर उसे शेयर किया गया।

जबलपुर के डिप्टी सुपरिटेंडेंट पुलिस रवि चैहान ने आजतक को बताया, पीड़ित ने शिकायत में पुलिस को बताया कि उसे गांव की ही उच्च जाति की एक लड़की से प्रेम हो गया और उसे हाल में ही एक मोबाइल फोन भी गिफ्ट किया। लड़की के पास नया मोबाइल फोन देखकर उसके घरवालों को संदेह हो गया। इसके बाद लड़की के घरवालों ने राज कुमार देहरिया को अपने घर बुलाया। फिर उसका सिर मूंडकर गांव में घुमाया गया।

पुलिस ने जांच के लिए सोशल मीडिया पर शेयर किए गए वीडियो को अपने कब्जे में ले लिया। आरोपियों की पहचान पवन, शिव कुमार, नन्हे लाल और घनश्याम के तौर पर हुई। सभी आरोपियों के खिलाफ अत्याचार निवारण अधिनियम और इंडियन पीनल कोड की कई धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है।

News Share
CIN News | Bharat timeline 2023