रविन्द्र चौबे ने कहा- जनता के पास हमारा ब्लू प्रिंट है और भाजपा का ब्लैक प्रिंट, अपने कार्यकाल के कांड याद कीजिए, फिर हमसे सवाल कीजिए

रायपुर। भाजपा ने 15 सालों तक छत्तीसगढ़ में शासन किया, उनके कार्यकाल जो भी घोटाले, भ्रष्टाचार और अनियमिताएं हुई हैं, उसे जनता भूली नहीं है। जनता सबकुछ जानती है, वो भूलती नहीं है, उनके पास भाजपा के 15 वर्षों का ब्लैक प्रिंट मौजूद हैं। उक्त बातें मंगलवार को कृषि मंत्री रविन्द्र चैबे ने प्रेस काॅन्फ्रेस में कही। उन्होंने कहा कि भाजपा हमारे कामकाज का ब्लू प्रिंट मांग रही है, जबकि जनता खुद भूपेश सरकार के 18 महीनों के कामकाज का ब्लू प्रिंट जानती है।

ये पब्लिक है, ये सब जानती है

रविन्द्र चौबे ने कहा कि भाजपा हमसे हमारे कार्यों का लेखा-जोखा पूछने से पहले यह सोचे कि उनके कार्यकाल में क्या-क्या कांड हुए हैं। क्या वे झीरमघाटी कांड को भूल गए, जहां कांग्रेस ने अपने कई दिग्गज नेताओं को खो दिया था। यही नहीं भाजपा के कार्यकाल में झलियामारी कांड, मुन्ना भाई कांड, मुन्नी बाई कांड, आदिवासी बालिका हत्या कांड, नसबंदी कांड, सारकेगुड़ा कांड, मीना खलको रेप कांड जैसे कई अपराध हुए हैं। डाॅ रमन सिंह अपने दामन में लगे इन दागों को कैसे भूल गए? श्री चौबे ने कहा कि ये पब्लिक है ये सब जानती है, डाॅ साहब आपके एक मंत्री का अश्लील सीडी कांड भी सामने आया था आप वो भी कैसे भूल गए।

पहले अपने गिरेबां में झांके, तब सवाल करें

रविन्द्र चैबे ने कहा कि कांग्रेस के शीर्ष नेताओं के साथ हुए छल-कपट को हम नहीं भूले हैं। हमें सत्ता में आए अभी 18 महीने ही हुए हैं और हमने जनता से जुड़कर जनता के हित में काम किया है। जनता के पास हमारा ब्लू प्रिंट है। उन्होंने कहा कि हमसे सवाल करने के पहले अपने गिरेबां में झांके कि आपने 15 साल में क्या किया था? तब हमसे सवाल करने की जहमत उठाएं।

News Share
CIN News | Bharat timeline 2023