RAIPUR | राहतभरी खबर, रविवार को प्रदेश में दर्ज नहीं हुआ कोरोना का मामला, जानिए कब हुआ था ऐसा

रायपुर: छत्तीसगढ़ के लिए एक अच्छी खबर है। रविवार को प्रदेश भर में कहीं से भी कोरोना का कोई नया मामला रिपोर्ट नहीं हुआ है। ऐसा दो साल बाद हो रहा है। आखिरी बार 13 मई 2020 को ऐसी रिपोर्ट आई थी। उसके बाद से 9 अप्रैल 2022 तक स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों में पॉजिटिव पाए गए लोगों की संख्या शून्य नहीं हुई थी।

स्वास्थ्य विभाग के कोविड-19 राज्य कंट्रोल एंड कमांड सेंटर की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक 10 अप्रैल को एक हजार 665 नमूनों की जांच हुई। इस दौरान कोई भी नमूना कोरोना पॉजिटिव नहीं पाया गया। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि अस्पतालों में भी अब कोरोना का कोई मरीज नहीं है। रविवार को 12 लोगों की इलाज के बाद छुट्‌टी दी गई। ये सभी लोग होम आइसोलेशन में थे।

स्वास्थ्य विभाग ने बताया, प्रदेश के 11 जिलों में इस समय कोरोना का कोई सक्रिय मरीज है। इसमें कबीरधाम, महासमुंद, गरियाबंद, मुंगेली, गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही, सूरजपुर, बस्तर, कोण्डागांव, दंतेवाड़ा, कांकेर और नारायणपुर शामिल है। कोरोना की तीसरी लहर शुरू होने के बाद पहली बार सक्रिय मरीजों की संख्या 50 से नीचे आई है। रविवार को 12 लोगों को डिस्चार्ज करने के बाद छत्तीसगढ़ में कुल मरीजों की संख्या 47 रह गई है।

News Share
CIN News | Bharat timeline 2023