BILASPUR | बिस्तर में पड़ी 87 साल की मां को बेटे ने उठाकर पटक दिया, चोट लगने से हुई मौत, मां के अंतिम संस्कार में शामिल होने की करता रहा मिन्नत

बिलासपुर: शराबी बेटे ने नशे की हालत में अपनी 87 साल की बुजुर्ग मां को बिस्तर से उठाकर जमीन पर पटक दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गयी। बताया जा रहा है कि वृद्ध महिला को पेंशन मिलता था, वह इसी अपना व बेटे का खर्च चलाती थी। बुजुर्ग महिला को अपने बेटे से बेहद प्यार था। पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है।

मिली जानकारी के अनुसार देवरीखुर्द में रहने वाली 87 साल की सरमती के दो बेटे हैं। बड़ा बेटा शंकर पास के ही दूसरे मकान में रहता है, वहीं महिला अपने छोटे बेटे परस राम यादव के साथ रहती है। परस बेहद शराबी है और इसी वजह से उसकी शादी भी नहीं हुई। सुबह करीब 5 बजे जब बड़ा बेटा अपनी मां से मिलने आया तो उसने घर का दरवाजा खुला देखा। उसकी मां की लाश खून से लथपथ पड़ी हुई थी। उसके सिर व शरीर पर चोट के निशान थे।

शंकर ने अपने भाई परस को ढूंढा तो वह कहीं नहीं मिला। उसने तत्काल इस मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने जब परस की तलाश की वह घूमता हुआ गांव में ही मिल गया। पुलिस ने जब उससे मां की हत्या के बारे में पूछा तो उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। परस ने बताया कि वह मां की पेंशन की आधे से ज्यादा रकम शराब पर खर्च कर देता था। इस बात को लेकर परस और मां में आए दिन विवाद होता था।

मां काफी वृद्ध थी और बिस्तर से नहीं उठा पाती थी। खाना-पीना, शौच सब कुछ बिस्तर पर ही होता था। परस ही उसकी सेवा करता था। रोज की तरह वह रात में भी शराब पीकर आया तो मां-बेटे में इस बात को लेकर विवाद हुआ। जिसके बाद परस ने अपनी मां को खूब मारा और बिस्तर से उठाकर पटक दिया। लोहे की कुर्सी से टकराने और चोट लगने की वजह से उसकी मौत हो गयी। परस अपने किए पर बेहद शर्मींदा था। उसने मां के अंतिम संस्कार में शामिल होने की मिन्नत की तो पुलिस उसे लेकर मुक्तिधाम तक गयी थी।

News Share
CIN News | Bharat timeline 2023