RAIPUR | गोबर बेचने वालों ने कमाए साढ़े 10 करोड़, मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने किसानों को दिए 1500 करोड़ रुपये

रायपुर: छत्तीसगढ़ में धनतेरस से एक दिन पहले ही 21 लाख किसानों को 1500 करोड़ रुपये मिले हैं। इतना ही नहीं राज्य में गोबर बेचने वालों की भी धनतेरस से एक दिन पहले 10 करोड़ 81 लाख रुपये की कमाई हुई है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बीते सोमवार को राज्योत्सव के अवसर पर अपने निवास कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में राजीव गांधी किसान न्याय योजना और गोधन न्याय योजना के अंतर्गत राज्य के किसानों को 1510 करोड़ 81 लाख रुपए की राशि का ऑनलाइन भुगतान किया।

इस राशि में राजीव गांधी किसान न्याय योजना की तीसरी किस्त की राशि 1500 करोड़ रुपए थी। इसके अलावा गोधन न्याय योजना के तहत गोबर विक्रेताओं ,गौठान समितियों एवं महिला स्व सहायता समूहों को दी जाने वाली लाभांश की राशि 10 करोड़ 81 लाख रुपए शामिल था।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि हमने राज्य के किसान भाईयों को राजीव गांधी किसान न्याय योजना की तीसरी किश्त की राशि 1500 करोड़ रुपए का भुगतान कर अपना वायदा पूरा किया है। गोधन न्याय योजना के अंतर्गत खरीदी गए गोबर की राशि, स्व-सहायता और गौठान समितियों को 10 करोड़ 21 लाख रूपए की लाभांश राशि का भुगतान भी किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले दो सालों को कोरोना संकट के बावजूद भी हमारे गांव में त्यौहारों के समय पैसे की कोई कमी नहीं आने दी गई। इस साल भी हमारे किसान भाई भरपूर उत्साह के साथ दीवाली मनाएंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार की किसान हितैषी नीतियों से बीते तीन सालों में छत्तीसगढ़ राज्य में खेती-किसानी खूब फली-फूली और समृद्ध हुई है। किसान भाईयों ने धान का भरपूर उत्पादन किया है और सरकार ने भी भरपूर धान की खरीदी की है। तीन सालों में हर साल धान खरीदी का रिकार्ड टूटा है। इस साल एक करोड़ 5 लाख मेट्रिक टन धान की खरीदी की उम्मीद है।

एक दिसम्बर से राज्य में धान की समर्थन मूल्य पर खरीदी शुरू हो जाएगी। मंत्रीगणों, जनप्रतिनिधियों, किसान संगठनों की मांग को देखते हुए हमने राजीव गांधी किसान न्याय योजना के तहत किसानों की सुविधा के लिए पंजीयन की तिथि को बढ़ाकर 10 नवम्बर तक कर दिया है। उन्होंने कहा कि खेती-किसानी से लेकर उद्योग, व्यापार तक छत्तीसगढ़ राज्य में तीन सालों में बहुत से कीर्तिमान स्थापित किए हैं। इन तीन सालों में समाज के सभी वर्गों तक हमने न्याय पहुंचाने का काम किया है। गढ़बो नवा छत्तीसगढ़ का सपना साकार हो रहा है।

News Share
CIN News | Bharat timeline 2023