RAJNANDGAON | किसान के घर यूनिक बछड़े ने लिया जन्म; तीन आंखें, नाक में चार छेद, देखने वालों की भीड़ जुटी

राजनांदगांव: छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में एक गजब बछड़े का जन्म हुआ है। किसान के घर गाय ने इस बछड़े को जन्म दिया है। बछड़े के आंख तीन हैं और नाक में चार छेद है। गांव के लोग इस चमत्कार मानकर चल रहे हैं और दर्शन के लिए किसान के घर भीड़ उमड़ रही है। हालांकि डॉक्टर इसे कुछ और बता रहे हैं। साथ ही चमत्कार की बात को खारिज कर रहे हैं

दरअसल, राजनांदगांव जिला मुख्यालय से 75 किलोमीटर दूर नवागांव में तीन आंख वाले बछड़े का जन्म हुआ है। यह पूरे इलाके में कौतूहल का विषय बन गया है। इसकी एक झलक पाने के लिए लोगों की कतार लगी हुई है। लोग इसे भोलेनाथ का स्वरूप बता रहे हैं। साथ ही पूजा अर्चना में लग गए हैं। यह गांव गंडई क्षेत्र के ग्राम पंचायत बुंदेली में पड़ता है। नवागांव के हेमंत चंदेल कृषि कार्य के अलावा गौपालन में दिलचस्पी रखते हैं। इनके घर एक जर्सी गाय है।

गाय बीते कुछ माह से गर्भवती थी। शाम करीब सात बजे इस गाय ने एक बछड़े को जन्म दिया है, जिसकी तीन आंखें हैं। एक आंख सिर के मध्य में है। बताया जाता है कि इसके नाक में दो की जगह चार छिद्र है। साथ ही पुछ जटानुमा है। यह खबर तेजी से क्षेत्र में फैल गई है। कोई इसे धार्मिक आस्था से जोड़कर देख रहा है, तो कोई विज्ञान का चमत्कार बता रहा है।

इस तीन आंखों वाले बछड़े को देखने गांव के लोग पहुंच रहे हैं। इस क्षेत्र में ऐसी घटना पहली बार देखने को मिली है। स्थानीय पशु चिकित्सकों का कहना है कि यह कोई चमत्कार नहीं है। डॉक्टरों ने कहा है कि ऐसा सही भ्रूण विकसित नहीं होने की वजह से होता है। बछड़े का यह स्वरूप हार्मोनल डिसऑर्डर की वजह से हुआ है। इसमें कई बार कई अंग गायब भी हो जाते हैं।

News Share
CIN News | Bharat timeline 2023