नगर निगम में वसूली का अनोखा तरीका, वाटर टैक्स जमा नहीं किया तो खोलकर ले गए भैंस

ग्वालियर: मध्य प्रदेश का ग्वालियर नगर निगम इन दिनों लगातार वसूली अभियान चला रहा है। इस बीच नगर निगम का वसूली करने का एक अनोखा अंदाज सामने आया है। शहर में रहने वाले एक उपभोक्ता के द्वारा जलकर का भुगतान न करने पर नगर निगम ने उसके घर बंधी भैंसो की कुर्की करके गोशाला भिजवा दिया। हालांकि बाद में जब उपभोक्ता राजेंद्र पाल ने नगर निगम कमिश्नर किशोर कन्याल से गुजारिश की और जलकर का भुगतान कराया, तो नगर निगम ने उसकी भैसों को वापस किया।

दरअसल इस समय ग्वालियर नगर निगम का वसूली अभियान चल रहा है। जिन भी लोगों ने बिल का भुगतान नहीं किया है, नगर निगम लगातार उन उपभोक्ताओं पर कार्रवाई कर रहा है। इसी कड़ी में शहर की दर्पण कॉलोनी में रहने वाले राजेंद्र पाल के यहां 82 हजार रुपये की बकाया वसूली करने के लिए नगर निगम की टीम पहुंची थी। जब राजेंद्र पाल ने राशि भुगतान करने से इनकार किया तो नगर निगम की टीम ने उपभोक्ता के घर पर बंधी तीन भैंसों को कुर्क कर लाल टिपारा गौशाला में भिजवा दिया। 

भुगतान के बाद वापस मिलीं भैंसें
इसके बाद उपभोक्ता राजेंद्र पाल ने बिल की राशि जमा की। तब जाकर नगर निगम ने उपभोक्ता की तीन भैंसों को वापस किया। नगर निगम कमिश्नर किशोर कन्याल का कहना है कि इस समय शहर में वसूली अभियान चल रहा है और इस दौरान कई लोग ऐसे हैं जिन्होंने कई सालों से जलकर का भुगतान नहीं किया है। इसलिए उनपर कार्रवाई की जा रही है।

News Share
CIN News | Bharat timeline 2023