RAIPUR | दुनिया के एकमात्र माता कौशल्या मंदिर भव्य दीपोत्सव, 51 हजार दीयों से जगमग हुआ भगवान राम का ननिहाल

रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से करीब 25 किलोमीटर दूर स्थित दुनिया के एकमात्र माता कौशल्या मंदिर का दृश्य गुरुवार कीरात कुछ अलग ही था। भक्ति में सराबोर, राम की लंका विजय का जश्न मनाने को श्रद्धालु आतुर दिखे। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की पहल पर चंदखुरी में पहली बार भव्य दीपोत्सव का आयोजन किया गया।

भगवान श्रीराम के ननिहाल माता कौशल्या मंदिर परिसर में जब एक साथ 51 हजार दीयों से लौ उठी तो ऐसी छवि आंखों के सामने दिखाई दी, जो लोगों ने पहले कभी नहीं देखी थी। लालिमायुक्त दृश्य ऐसा लग रहा था मानो सूरज स्वयं प्रभु को लंका विजय की बधाई देने आया हो।

आयोजन को विराट बनाने के लिए सीएम के निर्देश पर कार्यकर्ता चंदखुरी गांव के ग्रामीणों के साथ सुबह से ही जुट गए थे। खासकर महिलाओं ने दीया और बाती की तैयारी श्रद्धा के साथ सुबह से ही शुरू कर दी थी। रायपुर और आसपास के जिलों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने आयोजन में सहयोग किया और दीये सजाने से लेकर तेल डालने और उन्हें प्रकाश पुंज में परिवर्तित करने तक में सहयोग किया। रात्रि का नजारा भी मन को मोहने वाला था।

सुबह से जुट गए थे वालेंटियर

इसके पहले सुबह करीब सात बजे से ही राजीव मितान क्लब के सदस्यों ने ग्रामीणों के सहयोग से मंदिर प्रांगण की साफ-सफाई की। इसके बाद प्रांगण को पानी से धो दिया। मंदिर के मुख्य पुजारी द्वारा मंदिर में लक्ष्मी पूजन किया गया। इसके बाद विशाल कन्या भोज और भंडारे का आयोजन किया गया। इस दौरान सुंदरकांड के पाठ के साथ-साथ राम भजन से चंदखुरी गूंजता रहा। कुल मिलाकर जिस दृश्य की कल्पना केवल अयोध्या में की जाती थी, वह अब चंदखुरी में दिखाई दे रहा था।

News Share
CIN News | Bharat timeline 2023