गुड़गांव में कम्युनिटी स्प्रैड जैसे हालत ; सरकार ने बढ़ रहे कोरोना के मामलों की वजह दिल्ली बताया

पानीपत: हरियाणा में भी कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या अब तेजी से बढ़ रही है। हरियाणा में कुल 1721 मरीज हो गए हैं। सबसे ज्यादा 520 मरीज अकेले गुड़गांव में हैं। यहां कोरोना के कम्युनिटी स्प्रैड के आसार दिख रहें है। यहाँ पिछले 3 दिनों में 200 से ज्यादा कोरोना संक्रमित मिले। शुक्रवार को सबसे ज्यादा 115 केस मिले। ऐसे में गुड़गांव जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के लिए एक चुनौती के रूप में उभर रहा है।

प्रशासन की तरफ से अब तक कम्युनिटी स्प्रैड की बात नहीं कही गई

गुड़गांव में कम्युनिटी स्प्रैड इसलिए कहा जा रहा है कि यहां अब बड़ी संख्या में कोरोना संक्रमित मिल रहे हैं। शुरूआत में पहले 100 मरीज मिलने में 53 दिन लगे थे। इसके बाद 200 तक 11 दिन में पहुंचे थे। 300 का आंकड़ा 9 दिन में हुआ था। लेकिन 400 और 500 का आंकड़ा 1-1 दिन में तय हुआ है। हालांकि, प्रशासन की तरफ से अब तक कम्युनिटी स्प्रैड की बात नहीं कही गई।

गुड़गांव के बाद फरीदाबाद सबसे बड़ी चिंता

सरकार के लिए गुड़गांव के बाद फरीदाबाद जिला सबसे बड़ी चिंता का कारण है। फरीदाबाद में कुल मरीजों की संख्या 307 पहुंच गई है। गुड़गांव के बाद यह दूसरे नंबर का जिला है, जहां सबसे ज्यादा मरीज मिल रहे हैं। यहां दूसरी चिंता का विषय कोरोना से मरने वालों की संख्या है। फरीदाबाद में हरियाणा के सबसे ज्यादा 8 मरीज कोरोना से मर चुके हैं। यहां भी शुक्रवार को 31 नए मरीज मिले थे।

बढ़ रहे कोरोना के मामलों की वजह दिल्ली

हरियाणा सरकार का मानना है कि गुड़गांव, फरीदाबाद, सोनीपत और झज्जर में बढ़ रहे कोरोना के मामलों की वजह दिल्ली है। इन जिलों के लोगों का दिल्ली में आना-जाना है। फल, सब्जियां, दूध, आवश्यक वस्तुओं के साथ-साथ बड़ी संख्या में लोग यहां से दिल्ली में नौकरी करने जाते हैं। इसी वजह से कोरोना इन जिलों में फैल रहा है। इसके चलते हरियाणा सरकार ने शुक्रवार के बॉर्डर पर सख्ती कर दी है। सिर्फ मूवमेंट पास वाले लोगों को ही दिल्ली आने-जाने की इजाजत दी जा रही है। यह सख्ती शनिवार को भी जारी है।

News Share
CIN News | Bharat timeline 2023