सोनभद्र नरसंहार पर गरमाई सियासत, कांग्रेस ने किया योगी आदित्य नाथ का पुतला दहन, मिर्जापुर जा रही प्रियंका गांधी को पुलिस ने किया गिरफ्तार

जगदलपुर:

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव प्रियंका गांधी को अवरुद्ध किये जाने तथा सोनभद्र घटना के  विरोध में जगदलपुर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजीव शर्मा व जिला महामंत्री अनवर खान के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का स्थानीय कांग्रेस भवन अग्रसेन चौक के पास कांग्रेसियों ने पुतला दहन कर विरोध प्रदर्शन किया।

क्या है मामला ?

सोनभद्र में 17 जुलाई को जमीन विवाद में 10 लोगों की हत्या कर दी गई थी। इस नरसंहार के दौरान 28 लोग घायल भी हो गए थे। इस घटना ने पूरे प्रदेश को हिला दिया था। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने शुक्रवार को इस घटना में घायल हुए लोगों से वाराणसी के अस्पताल में मुलाकात की। इस दौरान डॉक्टरों से प्रियंका ने उनकी सेहत को लेकर चर्चा भी की।

इसके बाद प्रियंका गांधी सोनभद्र के लिए रवाना हुई। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक सोनभद्र पहुंचने के पहले ही प्रियंका गांधी के काफिले को नारायणपुर पुलिस चौकी के पास रोक लिया गया। इससे नाराज प्रियंका के धरने पर बैठने की जानकारी सामने आ रही है। प्रियंका गांधी ने उनके काफिले को रोके जाने पर नाराजगी जताते हुए कहा कि उन्हें बताया जाए कि पीड़ित परिवारों से मिलने से क्यों रोका जा रहा है।

नरसंहार की ये थी वजह

उत्तर प्रदेश के सोनभद्र में जमीन विवाद ने नरसंहार का रूप ले लिया था। जमीन विवाद ने 10 लोगों की जान ले ली थी। सोनभद्र के घोरावल कोतवाली क्षेत्र में स्थित ग्राम पंचायत मूर्तिया के ग्राम उभ्भा में बुधवार को भूमि विवाद को लेकर हुए दो पक्षों में संघर्ष में 10 लोगों की मौत हो गई थी जबकि 28 घायल हो गए थे। विवाद के बाद दोनों पक्षों में गोली के साथ ही लाठी, गड़ासा भी जमकर चला था।

News Share
CIN News | Bharat timeline 2023