SURAJPUR | 10वीं के छात्र की धारदार हथियार से हत्या, देर रात तक घर में पढ़ाई कर रहा था, सुबह खून से लथपथ मिली लाश

सूरजपुर: छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। 10वीं के छात्र की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई है। छात्र देर रात तक घर में पढ़ाई कर रहा था। सुबह उसके घरवालों को घर से एक किलोमीटर दूर झाड़ियों में खून से लथपथ शव मिला। वारदात जयनगर थाना क्षेत्र के लटोरी चौकी के बृजनगर गांव की है।  पुलिस ने  अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 

 बृजनगर का रहने वाला 15 साल का रितिक राजवाड़े कक्षा 10वीं का छात्र था। वह यूवी संस्कार स्कूल में पढ़ाई करता था। 24 सितंबर (शुक्रवार) रात वह रोज की तरह पढ़ाई कर रहा था। रात करीब 11 बजे परिजन सोने के लिए चले गए और रितिक पढ़ाई करता रहा। इसी दौरान अचानक वह लापता हो गया। सुबह करीब 3 बजे जब परिजनों की आंख खुली तो रितिक के कमरे का दरवाजा खुला देख अंदर गए, जहां रितिक नहीं था। इस पर परिजनों ने खोजबीन शुरू कर दी। खोजबीन में घर से करीब 1 किमी दूर खून से लथपथ उसका शव झाड़ियों के बीच मिला है।  रितिक के गले और माथे पर किसी धारदार हथियार से हमला करने के निशान मिले हैं।

अभी तक आरोपियों का नहीं लगा कोई सुराग
हत्या की सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपियों की खोजबीन के लिए फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड की भी मदद ली, लेकिन आरोपियों का कोई सुराग नहीं हो सका। लटेरी चौकी प्रभारी सुनील सिंह ने बताया कि परिजनों ने अभी किसी पर शक जाहिर नहीं किया है। हालांकि, पुलिस परिजनों से किसी से विवाद होने को लेकर भी पूछताछ कर रही है। पुलिस को शक है कि रितिक के परिवारवालों से किसी का कभी कोई झगड़ा या लड़ाई तो नहीं हुआ है, जिसका बदला लेने के लिए बच्चे की हत्या कर दी गई । फिलहाल पुलिस इस एंगेल से भी जांच कर रही है। पुलिस का दावा है कि आरोपियों को पकड़कर जल्द ही इस मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।

News Share
CIN News | Bharat timeline 2023