कांग्रेस- सपा को बड़ा झटका, ‘लड़की हूं, लड़ सकती हूं की पोस्टर गर्ल’ प्रियंका मौर्य भाजपा में शामिल

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। इसे देखते हुए राजनीतिक दलों की सेंधमारी लगातार जारी है। आज भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस को बड़ा झटका दिया है। भगवा पार्टी ने आज अखिलेश यादव के मौसा प्रमोद गुप्ता, प्रियंका गांधी वाड्रा की पोस्टर गर्ल प्रियंका मौर्य और नितिन अग्रवाल सहित कई नेताओं को पार्टी की सदस्यता दिलाई है। 

मुलायम को अखिलेश ने जेल में डाला
भाजपा जॉइन करने से पहले प्रमोद गुप्ता ने कहा, “अखिलेश यादव ने मुलायम सिंह यादव को जेल में डाल दिया है और पार्टी में उनकी स्थिति बहुत खराब है। समाजवादी पार्टी में अपराधियों और जुआरियों को शामिल किया गया है।”

प्रियंका ने कांग्रेस पर लगाए थे रिश्वत मांगने के आरोप
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक उत्तर प्रदेश में महिला कांग्रेस की उपाध्यक्ष प्रियंका मौर्य ने कहा कि “उन्होंने (कांग्रेस) मेरे चेहरे, मेरे नाम और मेरे 10 लाख सोशल मीडिया फॉलोअर्स का इस्तेमाल प्रचार के लिए किया। लेकिन जब आने वाले चुनाव के लिए टिकट की बात आई, तो यह किसी और को दे दिया गया। यह अन्याय है।” उन्होंने आगे कहा कि मुझे टिकट नहीं मिला क्योंकि मैं एक ओबीसी (अन्य पिछड़ा वर्ग) की लड़की हूं और प्रियंका गांधी के सचिव संदीप सिंह को रिश्वत नहीं दे सकती थी।

यादव परिवार से कई नेताओं ने थामा है बीजेपी का दामन
अपर्णा से पहले मुलायम सिंह यादव की भतीजी संध्या यादव (अभय राम यादव की बड़ी बेटी और सपा के पूर्व सांसद धर्मेंद्र यादव की बहन) पहले ही भगवा पार्टी में शामिल हो चुकी हैं। इसके अलावा एक सप्ताह पहले मुलायम के पोते के ससुर और सिरागंज (फिरोजाबाद) के विधायक हरिओम यादव भी भाजपा में शामिल हो गए थे। वह मैनपुरी के पूर्व सांसद तेज प्रताप यादव के ससुर राम प्रकाश के भाई हैं। इससे पहले पंचायत चुनाव के दौरान मुलायम की भतीजी संध्या यादव ने मैनपुरी के वार्ड 18 (घिरौर III) से भाजपा उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ा था।

News Share
CIN News | Bharat timeline 2023