BIRTHDAY SPECIAL | जब ‘कैप्टन कूल’ ने पहली बार खो दिया था अपना आपा, जानिए रोचक वाकया

नई दिल्ली : टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी आज अपना 39वां जन्मदिन मना रहे हैं। पिछले एक साल से माही अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट दूर हैं। उनके साथी खिलाड़ियों ने इस बात का भी जिक्र किया है कि वो सभी धोनी को विकेट के पीछे मिस कर रहे हैं। संन्यास कि तमाम अटकलों के बीच धोनी ने अपने जीवन के एक साल और पूरे कर लिए। टीम इंडिया के इस महान कप्तान के जन्मदिन पर दिग्गज पूर्व खिलाड़ी और साथी खिलाड़ियों ने बधाई दी है। धोनी के इस जन्मदिन के मौके पर उन्हें ढेरों बधाई संदेश मिल रहे हैं।

महेंद्र सिंह धोनी को ‘कैप्टन कूल’ कहा जाता है। लेकिन स्पिनर कुलदीप यादव ने इंस्टाग्राम पर स्पोर्ट्स एंकर जतिन सप्रू से वीडियो चैट के दौरान धोनी के गुस्से को लेकर खुलासा किया था। उन्होंने पूर्व कप्तान से जुड़ा एक वाकया बताया था, जिसमें वे धोनी को गुस्से में देखकर घबरा गए थे। तब खुद धोनी ने उन्हें बताया था कि 20 साल में पहली बार मैंने अपना आपा खोया था।

कुलदीप ने इस वीडियो में बताया था कि 2017 में हम श्रीलंका के खिलाफ इंदौर में एक टी-20 मैच खेल रहे थे। कुशल परेरा बल्लेबाजी कर रहे थे। उन्होंने मेरी गेंद पर कवर्स के ऊपर से उठाकर चौका मारा। इसके बाद धोनी भाई ने विकेट के पीछे से चिल्लाते हुए मुझसे कहा कि मैं फील्डिंग में बदलाव करूं। लेकिन मैंने उनके सुझाव को नहीं सुना और अगली ही गेंद पर परेरा ने रिवर्स स्वीप पर चौका मार दिया। इसके बाद जो हुआ वह मैंने सोचा नहीं था। गुस्से में धोनी मेरे पास आए और कहा कि मैं पागल हूं? 300 वनडे खेला हूं और समझा रहा हूं कि यहां पर गेंद डाल और तुम मेरी बात ही नहीं सुन रहे। हालांकि, धोनी के हिसाब से फील्डिंग लगाने के कुछ देर बाद मुझे विकेट मिल गया। उस मैच में मैंने 4 ओवर में 52 रन देकर 3 विकेट लिए थे।

भारत ने इस मैच में श्रीलंका को 88 रन से हराया था। रोहित शर्मा ने मैच में कप्तानी संभाली थी और विकेटकीपिंग धोनी के जिम्मे थी। रोहित ने 118 रन की शतकीय पारी खेली और मैन ऑफ द मैच रहे थे। कुलदीप ने बताया कि इस घटना के बाद मैं इतना डर गया था कि होटल लौटते वक्त टीम की बस में धोनी के पास गया और माफी मांगी। मैंने उनसे पूछा कि आपने पहले भी कभी ऐसे आपा खोया है। मेरे इस सवाल पर धोनी ने कहा था- मुझे 20 साल पहले गुस्सा आता था, जब मैं रणजी ट्रॉफी में खेलता था। टीम इंडिया के लिए खेलते हुए मुझे 2 या 3 बार ही गुस्सा आया।

महेंद्र सिंह धोनी के चर्चित शॉट हेलीकॉटपर शॉट, को लेकर ब्रावो ने एक सांग बनाया और उसे धोनी के जन्मदिन पर रिलीज किया। महेंद्र सिंह धोनी के फैंस ने ट्विटर पर उन्हें शुभकामनाएं दी। धोनी के जन्मदिन के अवसर पर ट्विटर पर एमएस धोनी बर्थडे और महेंद्र सिंह धोनी बर्थडे ट्रेंड कर रहे हैं। क्रिकेट के धुरंधरों ने माही को जन्मदिन की शुभकामनायें देते हुए ट्वीट किया है।

देखिये ट्वीट-

News Share
CIN News | Bharat timeline 2023