RAIPUR | भाजपा नेताओं ने सलमान खुर्शीद के खिलाफ दर्ज कराई FIR, कहा- पुस्तक में हिंदुत्व का हुआ अपमान

रायपुर: कांग्रेसी नेता व पूर्व केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद की किताब “सनराइज ओवर अयोध्या” आते ही विवादों में घिर गई है। किताब में हिन्दुओं की भावनाओं को आहत करने का आरोप लगाते हुए छत्तीसगढ़ भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने कांग्रेस पर हमला बोला। भाजपाइयों ने रायपुर के सिविल लाइन थाना पहुंचकर पुस्तक को लेकर आपत्ति जताई। भाजपा नेताओं ने सलमान खुर्शीद के साथ पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह व पूर्व केंद्रीय मंत्री पी. चिदंबरम के खिलाफ भी अपराध दर्ज करने की मांग पुलिस प्रशासन से की है।       

थाने में शिकायत करने पूर्व मंत्री व विधायक बृजमोहन अग्रवाल, विधायक अजय चंद्राकर, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेमप्रकाश पांडेय, राज्यसभा सांसद रामविचार नेताम, विधायक शिवरतन शर्मा सहित बड़ी संख्या में भाजपाई पहुंचे थे। भाजपा के वरिष्ठ नेता प्रेमप्रकाश पांडेय ने कहा कि सलमान खुर्शीद द्वारा लिखी गई किताब में हिन्दुओं की तुलना आतंकी संगठन से की गई है, जो बेहद आपत्तिजनक है। पुस्तक में हिन्दुओं के प्रति अपमानजनक टिप्पणी की गई है। उन्होंने कहा कि खुर्शीद की किताब धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाली है। हमने पुलिस प्रशासन में शिकायत कर अपराध दर्ज करने की मांग की है। 

News Share
CIN News | Bharat timeline 2023