दिल्ली में टीएस सिंहदेव के समर्थन में हुई नारेबाजी को लेकर भाजपा ने कसा तंज़ ; राजेश मूणत ने क्या लिखा सोशल मीडिया पर ? पढ़िए यहाँ

रायपुर : छत्तीसगढ़ कांग्रेस में सबकुछ अच्छा नहीं चल रहा है। अंदरूनी सियासत अब दिल्ली में कांग्रेस मुख्यालय तक पहुंच गई है। विदित है की गुरुवार को युवा कांग्रेस के आह्वान पर संसद घेराव में पहुंचे छत्तीसगढ़़ के कार्यकर्ताओं ने दिल्ली की सड़कों पर स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव के समर्थन में नारेबाजी की थी। इसके बाद अब यहाँ इस घटना को लेकर भाजपा ने भी तंज़ कसने शुरू कर दिए हैं। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता और पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेश मूणत ने नारेबाजी के इस वीडियो को सोशल हैंडल पर शेयर किया है।

राजेश मूणत ने वीडियो शेयर करते हुए लिखा की :-

” दिल्ली में बाबा (टीएस सिंहदेव) के नारे…टीएस सिंहदेव दिल्ली में…ये संसद का घेराव था या सिंहदेव को सीएम बनाने के लिए घेराव था?? वैसे @rahulgandhi जी ने वादा किया तो अब निभाना चाहिए…बाकी छत्तीसगढ़ की जनता तो देख ही रही है कांग्रेस की धोखेबाजी को!!! “

बता दें की युवा कांग्रेस के इस प्रदर्शन के लिए तीन अलग-अलग समूह में करीब 2 हजार कार्यकर्ता दिल्ली पहुंचे थे। प्रदर्शन शुरू हुआ तो छत्तीसगढ़ से पहुंचे कार्यकर्ताओं के एक समूह ने टीएस सिंहदेव के समर्थन में नारेबाजी शुरू कर दी। कार्यकर्ता बड़ी देर तक सिंहदेव के लिए जिंदाबाद और ‘छत्तीसगढ़ डोल रहा है, बाबा-बाबा बोल रहा है’, जैसे नारे लगाते रहे। बाद में युवक कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गिरफ्तारी भी दी। प्रदर्शन में शामिल होने के बाद कार्यकर्ताओं का यह समूह कल दिल्ली से छत्तीसगढ़ के लिए रवाना होगा। इस नारेबाजी की गूंज से राजधानी रायपुर में कांग्रेस दिग्गजों के कान खड़े हो गए हैं।

News Share
CIN News | Bharat timeline 2023