RAIPUR | भाजपा का मिशन 2023, अपने क्षेत्र के कमजोर बूथ पर मेहनत करेंगे विधायक और सांसद, डिजिटल आर्मी तैयार करने का भी है प्लान

रायपुर: छत्तीसगढ़ में 2023 में होने वाले विधानसभा और 2024 के लोकसभा चुनाव को ध्यान में रखकर भारतीय जनता पार्टी ने प्लान तैयार किया है। सांसदों और विधायकों को अपने क्षेत्र के कमजोर बूथों को चिन्हित करने की जिम्मेदारी दी जाएगी। पार्टी की रणनीति कमजोर बूथों को मजबूत करने पर जोर देना है। कुशाभाऊ ठाकरे कार्य विस्तार योजना के तहत हर बूथ तक व मतदान केंद्रों तक पहुंचकर संगठन को मजबूत करना है।  

छत्तीसगढ़ में मिशन 2023 की शुरुआत हो चुकी है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल जहां 2 मई से प्रदेश के 90 विधानसभा का दौरा कर रहे हैं। वहीं मोदी सरकार के 9 केंद्रीय मंत्रियों का अप्रैल में छत्तीसगढ़ में दौरा कार्यक्रम है। आकांक्षी जिलों में मोदी सरकार की योजनाओं की समीक्षा के साथ भाजपा कार्यकर्ताओं को रिचार्ज करेंगे। गुरुवार को भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री शिवप्रकाश और प्रदेश प्रभारी डी पुरंदेश्वरी गुरुवार भी एक दिवसीय दौरे पर आई थीं। कांग्रेस और भाजपा दोनों ही दलों में सक्रियता बढ़ गई है। इधर आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रभारी छत्तीसगढ़ दौरे पर हैं। बिलासपुर में रोड-शो का कार्यक्रम है।   

बूथ में जाकर करेंगे 10 दिन काम
भाजपा के नेता अगले महीने 5 से 15 मई तक बूथों में जाएंगे। भाजपाई 10 दिनों में 100 घंटे का समयदान कर पार्टी के लिए काम करेंगे। इसमें भाजपा के बूथ विस्तारक और प्रत्येक कार्यकर्ता शामिल होंगे। भाजपा नेता प्रदेश के 90 विधानसभा क्षेत्र के 23 हजार 632 मतदान केंद्रों तक जाएंगे और हर बूथ को डिजिटल समक्ष बनाने के लिए कार्य करेंगे। लोगों से सीधे बातचीत करके केंद्र सरकार की योजनाओं को बताएंगे। बुधवार को राजधानी पहुंचे राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री शिव प्रकाश और प्रदेश प्रभारी डी पुरंदेश्वरी ने पार्टी के चुनिंदा नेताओं को कार्य विस्तार की जानकारी दी।

भाजयुमो तैयार करेगी डिजिटल आर्मी
भाजयुमो राज्य में डिजिटल आर्मी तैयार करेगी। शक्ति केंद्रों के लिए भेजे जाने वाले भाजपा के विस्तारकों के साथ भाजयुमो के साइबर विस्तारक भी रहेंगे। हर बूथ स्तर पर वाट्सएप ग्रुप बनाएंगे और लोगों को जोड़ेंगे। प्रदेश प्रभारी पुरंदेश्वरी ने कहा कि कार्यकर्ता पूरे उत्साह से खैरागढ़ उपचुनाव में लड़े। यही वजह है कि 3-3 किलोमीटर पर सीएम भूपेश बघेल को सभा करनी पड़ी। पूर्व सीएम डॉ. रमन सिंह ने कहा कि प्रदेश कार्यालय में कुशाभाऊ ठाकरे जन्म शताब्दी वर्ष कार्य विस्तार योजना की एक दिवसीय कार्यशाला में शामिल हुआ। वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में संगठन को लेकर चर्चा हुई है। 

News Share
CIN News | Bharat timeline 2023