RAJNANDGAON | खैरागढ़ चुनाव के प्रचार में सीएम भूपेश बघेल की एंट्री, 6 दिनों तक करेंगे जनसभाएं, बीजेपी के लिए सीएम शिवराज सिंह चौहान और ज्योतिरादित्य आएंगे

राजनांदगांव: छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले के खैरागढ़ उप चुनाव की तिथि जैसे-जैसे नजदीक आती जा रही है, राजनीतिक सरगर्मियां भी तेज होती जा रही है। भाजपा, कांग्रेस सहित अन्य दलों के नेता चुनाव सभाओं में एक-दूसरे को घेर रहे हैं। सोमवार को खैरागढ़ चुनाव के प्रचार में सीएम भूपेश बघेल की एंट्री हो रही है। सीएम बघेल यहां 6 दिनों तक जनसभाएं करेंगे। इसकी शुरुआत सोमवार को बकरघट्टा से हो रही है। भाजपा भी सभाओं की तैयारियों में जुटी है।  

सीएम भूपेश बघेल सोमवार को खैरागढ़ विधानसभा क्षेत्र में 3 आम सभाओं को संबोधित करेंगे, जिसमें सबसे पहले बकरघट्टा, फिर साल्हेवारा और अंत में पैलीमेटा गांव शामिल है। सीएम भूपेश कांग्रेस प्रत्याशी के पक्ष में सभाओं को संबोधित कर समर्थन मांगेंगे। सीएम ने अपने पूरे मंत्रियों और विधायकों को खैरागढ़ विधानसभा उपचुनाव की जिम्मेदारी सौंपी है। गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू खैरागढ़ क्षेत्र में चुनावी तैयारी संभाल रहे हैं। इधर जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जेसीसीजे), अन्य राजनीतिक पार्टियों सहित स्वतंत्र प्रत्याशी भी जनता का दिल जीतने दम लगा रहे हैं। चुनाव में कुल 10 प्रत्याशी मैदान में हैं। 

भाजपा नेताओं ने भी संभाली चुनावी कमान 
भारतीय जनता पार्टी के नेता भी चुनाव में दम दिखा रहे हैं। भाजपा के स्टार प्रचारकों में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया सहित कई दिग्गज नेताओं के नाम है। मध्य प्रदेश से लगने वाले साल्हेवारा व गंडई क्षेत्र में सीएम शिवराज सिंह चौहान की सभा की तैयारी है। वहीं छुईखदान व खैरागढ़ में ज्योतिरादित्य सिंधिया की सभा होने की चर्चा है। पूर्व सीएम डॉ. रमन सिंह, नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक, बृजमोहन अग्रवाल, अजय चंद्राकर, सांसद विजय बघेल, सांसद संतोष पांडेय सहित कई पूर्व मंत्री भाजपा प्रत्याशी के लिए सभाएं कर रहे हैं। 

खैरागढ़ उपचुनाव में नया जिला की चर्चा
सीएम भूपेश बघेल ने घोषणा पत्र में 16 तारीख को जीत के साथ 24 घंटे में खैरागढ़ को जिला बनाने की घोषणा की है। भाजपा व कांग्रेस में इस मुद्दे को लेकर सियासी संग्राम चल रहा है। सीएम भूपेश व पूर्व सीएम डॉ. रमन सिंह लगातार एक-दूसरे को घेर रहे हैं। सीएम बघेल ने 16 को जीत और 17 अप्रैल को खैरागढ़-छुईखदान- गंडई जिला बनाने की बात कही है। इधर खैरागढ़ विधानसभा क्षेत्र में नए जिला को लेकर चर्चा तेज है। 

News Share
CIN News | Bharat timeline 2023