SUKMA | पुलिस-नक्सली मुठभेड़ में एक नक्सली महिला की मौत, डीआरजी, सीआरपीएफ और कोबरा बटालियन का ज्वाइंट ऑपरेशन, 303 राइफल भी बरामद

सुकमा। सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में एक महिला नक्सली मारी गयी है, वहीं कई नक्सलियों के घायल होने की भी सूचना मिली है। मारी गयी महिला नक्सली का शव बरामद कर लिया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार जगरगुंडा और चिंतलनार में नक्सलियों के होने की सूचना मिली थी। बुधवार रात डीआरजी, सीआरपीएफ और कोबरा बटालियन के जवान सर्चिंग पर निकले थे। जब वे आज सुबह लौटने रहे थे तब जगरगुंडा क्षेत्र में दुनेब के जंगलों में नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवानों ने भी जवाबी कार्रवाई की और उन्हें भारी पड़ता देख नक्सली मौके से भाग गए।

नक्सलियों के जाने के बाद जब जवानों ने सर्चिंग की तो उन्हें एक महिला नक्सली का शव बरामद हुआ है। महिला नक्सली की पहचान नहीं हो पायी है। ऐसी भी जानकारी मिली है कि मुठभेड़ में 4 से 5 नक्सलियों के भी घायल हुए हैं। मौके पर से जवानों ने एक 303 राइफल भी बरामद की है। अभी इस मामले में ज्यादा सूचना नहीं मिल पायी है। जवानों के लौटने पर ही विस्तृत जानकारी मिल पाएगी।

News Share
CIN News | Bharat timeline 2023