KANKER | सड़क हादसे में कांस्टेबल और पत्नी की मौत, माता-पिता के शव के पास बिलख रही थी 4 साल की मासूम

कांकेर: पुल के नीचे गाड़ी पड़ी थी, कुछ दूर पर दो शव थे, जिसमें एक पुरूष का था और एक स्त्री का। उनके पास बैठी 4 वर्षीय मासूम जोर-जोर से रो रही थी। जिसने भी यह मार्मिक नजारा देखा, उसकी आंखों में पानी आ गया। मामला कांकेर के पास कोहका गांव का है, जहां सड़क हादसे में कांस्टेबल और उसकी पत्नी की मौत हो गयी, वहीं उनकी 4 साल की बेटी बाल-बाल बच गयी।

तेज रफ़्तार बाइक पुल से टकराई

मिली जानकारी के अनुसार कांस्टेबल सुखदेव मरकाम लोहतर थाने में पदस्थ है। वह अपने निजी काम से पत्नी व बेटी के साथ कांकेर से चारामा जा रहा था। कोहका के पास उसकी तेज रफ़्तार बाइक पुल से टकरा गयी। वह अपनी बाइक पर नियंत्रण नहीं रख पाया और गाड़ी सीधे पुल के नीचे चली गयी। दुर्घटना इतनी बड़ी थी कि पति-पत्नी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, वहीं उनकी बेटी को मामूली खरोच आयी है। ग्रामीणों ने जब बच्चे के रोने की आवाज सुनी तब मौके पर पहुंचे तब तक पति-पत्नी दम तोड़ चुके थे। परिजनों और पुलिस को सूचना देने के बाद बच्ची को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

News Share
CIN News | Bharat timeline 2023