हाजीपुर: यूसुफपुर में एक प्रेमी जोड़ा किराए से रहने आया। उन दोनों में आए दिन झगड़ा होता और आवाज बाहर तक आती। वह अपने साथ एक बच्चा लेकर आए थे और अक्सर उसे ही लेकर विवाद होता। पड़ोसियों को दाल में काला नजर आया और उन्होंने पुलिस को फोन किया। जब पुलिस ने तहकीकात की तो पता चला कि बच्चा जढुआ से चोरी हुआ और बच्चे के पिता प्रमोद बर्गर स्टाॅल चलाते हैं।
आरोपी का नाम नीतिश है और वह पेश से ड्राइवर है। उसे अपने से दोगुनी उम्र की महिला नूरी से प्यार हो गया। नूरी को बच्चे की चाहत थी और नीतिश इस ख्वाहिश को पूरा करना चाहता था। नीतिश रोज प्रमोद के स्टाल पर बर्गर खाने जाता था, जहां उसने प्रमोद के बेटे हर्ष को देखा और 20 अक्टूबर को उसे किडनैप कर लिया। प्रमोद ने अपने बेटे की गुमशुदगी की रिपोर्ट भी लिखाई पर पुलिस उसके बच्चे को ढूंढ नहीं पायी।
नीतिश ने बताया कि वह हर्ष को 4 महीने से अपने पास रखे हुए है। पुलिस ने हर्ष को उसके असली मां-बाप के पास सौंप दिया है। वहीं, आरोपी प्रेमी युगल को गिरफ्तार कर लिया है।