Pendra | मरवाही में BJP के उम्मीदवार डाॅ गंभीर सिंह ने भरा नामांकन, डाॅ रमन सिंह ने कांग्रेस सरकार पर जमकर साधा निशाना, कहा- कांग्रेस अपने घोषणापत्र पर खरी नहीं उतरी

पेंड्रा: 3 नवंबर को होने वाले मरवाही उप चुनाव के लिए बीजेपी के प्रत्याशी डाॅ गंभीर सिंह ने अपना नामांकन आज दाखिल कर दिया है। उनके साथ पूर्व मुख्यमंत्री डाॅ रमन सिंह और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष विष्णुदेव साय मौजूद थे। उनके नामांकन में बीजेपी के सभी वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी रही। दो लोगों के साथ नामांकन दाखिल करने के बाद डाॅ रमन सिंह ने सरकार पर जमकर हमला बोला।

जनता से किए वादे झूठे, अब जनता ही सबक सिखाएगी
डाॅ रमन सिंह ने मीडिया से बातचीत में कहा कि चुनाव के पहले कांग्रेस ने जो घोषणापत्र बनाया है उस पर खरी नहीं उतरी। सारे वादे झूठे साबित हुए। न ही बेरोजगारों को भत्ता मिला, न ही किसानो को धान का बोनस। अब जनता ही उन्हंे सबक सिखाएगी। श्री सिंह ने कहा कि शासकीय शराब दुकानों में ही अवैध शराब बेची जा रही है, यह केवल कांग्रेस के शासनकाल में हो सकता है। बीजेपी विधायक बृजमोहन अग्रवाल ने भी सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने सत्ता में आकर कोई भी जनउपयोगी काम नहीं किया है। स्कूल, काॅलेज, ओवरब्रिज का निर्माण बीजेपी सरकार ने किया और वह अपने विकासकार्यों को लेकर ही जनता के बीच जाएगी। कांग्रेस का हारना तय है।

डाॅ गंभीर सेवाभावी, कई पीढ़िया कर रही हैं सेवा
डाॅ रमन सिंह ने बीजेपी प्रत्याशी डाॅ गंभीर सिंह की तारीफ करते हुए कहा कि उनका परिवार पीढ़ियों से मरवाही की जनता की सेवा में लगा हुआ है। वह स्वयं काफी सेवाभावी हैं। वह क्षेत्र को लेकर काफी कुछ करना चाहते हैं और जनता भी उनके इस भाव को जरूर सम्मान देगी। बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि भाजपा के प्रत्याशी डॉ गंभीर सिंह पढ़े-लिखे चिकित्सक और आदिवासी समाज के लिए लड़ने वाले नेता है। अमित-ऋचा जोगी की जाति के बारे में बात करने पर श्री अग्रवाल ने कहा कि इस बात से साफ होता है कि कांग्रेस इस चुनाव को लेकर कितना डरी हुई है। बीजेपी का जीतना तय है। नामांकन दाखिल करने के दौरान अमर अग्रवाल, रामसेवक पैकरा, बिलासपुर सांसद अरुण साव ,नेता प्रतिपक्ष धर्मलाल कौशिक, प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय के साथ लगभग प्रदेश के शीर्ष नेता मौजूद रहे।

News Share
CIN News | Bharat timeline 2023